केएमपी पर हादसे के बाद हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने मर्सिडीज बेंज की गाड़ी से चलने से इंकार कर दिया है। विज ने इस संबध में प्रदेश के मुख्य सचिव संजीव कौशल को पत्र लिखकर सेडान मॉडल में ही इस गाड़ी की कीमत के बराबर ही किसी अन्य कंपनी की दूसरी गाड़ी के लिए पत्र लिखा है।
गौर हो कि गृह मंत्री अनिल विज भाजपा की संगठनात्मक मीटिंग में हिस्सा लेने रविवार को गुरुग्राम गए थे। बैठक के बाद जब वे वापस अंबाला आ रहे थे तो केएमपी पर उनकी गाड़ी मर्सिडीज बेंज ई-200 का अचानक शॉक एब्जॉर्बर टूट गया। शॉक एब्जॉर्बर टूटते ही गाड़ी नीचे बैठ गई और चालक ने गाड़ी की स्पीड कम कर दी। इससे बड़ा हादसा टल गया।
कार की जांच में पता चला कि अगला शॉकर दो हिस्सों में टूट गया था। इस मॉडल की गाड़ी की कीमत करीब 72 से 86 लाख रुपये है और अगस्त 2021 में यह खरीदी गई थी। ऐसे में एक साल पुरानी गाड़ी का शॉकर टूटने को लेकर कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, हादसे की वजह जानने के लिए जांच भी की जा रही है। इसी बीच अनिल विज ने मर्सडीज बेंज की गाड़ी में चलने से मना कर दिया है। विज ने इसी गाड़ी की कीमत में आने वाली सेडान मॉडल में ही किसी अन्य कंपनी की दूसरी गाड़ी के लिए पत्र लिखा है।