मुक्केबाज साक्षी को विजेता घोषित करती रेफरी।
मध्य प्रदेश के भोपाल में आयोजित छठवीं एलिट राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कैथल की 57 किलो भारवर्ग में अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज मनीषा मौन ने फाइनल मुकाबले में हिमाचल की खिलाड़ी वंशिका को पांच शून्य से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। वहीं सेमी फाइनल मुकाबले में रेलवे की अर्जुन अवॉर्डी खिलाड़ी सोनिया लाठर को पांच शून्य से पराजित किया था। सोमवार को मनीषा मौन ने फाइनल मुकाबले में हिमाचल की वंशिका को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता है।
कोच गुरमीत सिंह ने बताया कि 20 से 26 दिसंबर तक भोपाल में छठवीं एलिट महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। 81 प्लस भारवर्ग की खिलाड़ी नेहा ने गोवा के खिलाड़ी को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया है। वहीं 75 किलो भारवर्ग में खिलाड़ी भावना ने हिमाचल प्रदेश की खिलाड़ी को हराकर कांस्य पदक जीता है। कैथल की तीनों खिलाड़ियों की जीत पर खुशी का माहौल है। जिला खेल अधिकारी रामनिवास ने भी तीनों खिलाड़ियों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर कोच राजेंद्र सिंह, कोच गुरमीत सिंह और कोच विक्रम ढुल ने भी तीनों खिलाड़ियों को बधाई दी।
सेना को साक्षी ने दिलाया पहला स्वर्ण पदक
मुक्केबाजी चैंपियनशिप में सोमवार को बॉक्सर साक्षी ढांडा ने स्वर्ण पदक दिलाने का काम किया। सेना की ओर से पहली बार साक्षी ने प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं गांव धनाना में भी उनकी जीत पर परिजनों ने खुशी जाहिर की। 52 किग्रा भारवर्ग में साक्षी ढांडा ने रोहतक की मुक्केबाज ज्योति गुलिया को फाइनल मुकाबले में हराकर पदक पर अपना कब्जा किया है। दोनों ही महिला मुक्केबाज पूर्व में यूथ वर्ल्ड चैंपियन रही है। साक्षी ढांडा ने भारतीय सेना और ज्योति गुलिया ने रेलवे की ओर से प्रतिनिधित्व किया था। वहीं भिवानी से 81 प्लस किग्रा भारवर्ग में नुपूर श्योराण का भी फाइनल मैच सोमवार को होगा।
इन खिलाड़ियों ने भी जीते पदक
- मंजू रानी कौशिक ने पहला गोल्ड मेडल जीता।
- भिवानी जिले के धनाना गांव की रहे वालीं मुक्केबाज साक्षी ढांडा ने सेना की तरफ से खेलते हुए स्वर्ण पदक जीता।
- रोहतक के गांव रिठाल निवासी शिक्षा नरवाल ने स्वर्ण पदक जीता।
- हिसार जिले के बुड़क गांव की पूनम पुनिया ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया।