हरियाणा में जाट आंदोलन के चलते 5 जिलों में कर्फ्यू लगा है। जाट आंदोलनकारियों ने रोहतक में वीटा मिल्क प्लांट को आग लगा दी। अब वहां पर अमोनिया के लीक होने का खतरा बना है, जिसके चलते इलाका खाली कराया जा रहा है।
झज्जर में हालात हिंसक बने हैं। प्रदर्शनकारियों ने अंबेडकर चौक स्थित पेट्रोल पंप जला डाला। सारा आसमान काले धुएं से भर गया। दुकानों के शटर तोड़कर आग लगाई जा रही है। स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी है। पीएनबी में पेट्रोल बम लेकर तोड़फोड़ शुरू कर दी है।
उधर, बस स्टैंड में खड़ी बसों को भी आग के हवाले करना शुरू कर दिया है। सेना की फायरिंग में 2 लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है।
रोहतक, भिवानी, सोनीपत, झज्जर के बाद अब जींद में भी कर्फ्यू लागू है। झज्जर में सेना ने स्टेडियम के बाद प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के मकसद से फायरिंग शुरू कर दी है। फायरिंग में दो लोगों की मरने की खबर है। 15-16 लोगों को गोली लगी है। इसमें से 6 लोगों को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर किया गया है। वहीं, एक शव को भगत सिंह चौक पर रख दिया गया है।
उधर, प्रदर्शनकारियों ने सिंचाई भवन के बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए पंचायत भवन पर कब्जा कर लिया है।
इससे पहले पुलिस ने स्टेडियम के बाद प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के मकसद से फायरिंग शुरू कर दी थी। सुबह झज्जर में यादव धर्मशाला के पास पुलिस की गाड़ी जला दी गई। बिजली निगम के दफ्तर को जला दिया गया। स्टेडियम के दफ्तर में भी आग लगाई गई है। अब झज्जर बस स्टैंड और ब्लॉक विकास अधिकारी के दफ्तर में तोड़फोड़ जारी है। उधर, बेरी के बस स्टैंड में आग लगाई गई है। बेरी की पुलिस चौकी खाली कर दी गई है। प्रदर्शनकारियों ने सुबह इस पुलिस चौकी में आग लगा दी है।
सोनीपत में कर्फ्यू, कैथल में 11 बसें फूंकी
जाट आंदोलन के चलते कैथल में 8 रोडवेज और 3 बसों को आग लगाने की खबर मिली है। खबर मिलते ही हरियाणा रोडवेज की बसों पर चंडीगढ़ में ब्रेक लगा दिए गए है। हिमाचल से दिल्ली जाने वाली बसों को चंडीगढ़ से आगे नहीं जाने दिया जा रहा।
हरियाणा में जाट आंदोलन के चलते रोहतक, भिवानी और झज्जर के बाद अब सोनीपत और सब डिविजन बहादुरगढ़ में भी कर्फ्यू लगा दिया गया है। सोनीपत में अगले 24 घंटे के लिए कर्फ्यू लगाया गया है। सोनीपत के गोहाना में भीड़ द्वारा बस स्टैंड में आग लगाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी।
वहीं, सरकार ने कहा है कि आंदोलन में जिन प्रदर्शनकारियों के नाम सामने आएंगे, उन्हें जीवनभर न तो नौकरी मिलेगी और न ही आरक्षण। डीजीपी, हरियाणा यशपाल सिंघल का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है। कल से हिंसा में कमी आई है। सेना को एयरलिफ्ट कर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाया जा रहा है।
भाजपा नेता आनंद सागर के घर में तोड़फोड़
झज्जर में कर्फ्यू के बावजूद हालात तनावपूर्ण हैं। भाजपा नेता आनंद सागर के घर में तोड़फोड़ हुई है। इससे पहले आज सुबह झज्जर में कर्फ्यू के बावजूद जाट आंदोलनकारियों ने शहर में प्रदर्शन शुरू किया।
सैंकड़ो युवा हाथों में लाठी डंडे लेकर शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कृषिमंत्री ओपी धनकड़ की कोठी में जमकर तोड़फोड़ की। कोठी में लगे सीसीटीवी तोड़ डाले हैं। कवरेज में जुटे पत्रकारों से भी बदसलूकी की खबरें मिल रही हैं।
प्रदर्शन कारियों ने रेलवे स्टेशन के कंट्रोल रूम और जनरेटर रूम में तोड़ फोड़ के बाद आग लगाईं। इससे पहले पुलिस और आईआरबी ने शहर में फ्लैग मार्च भी निकाला। इससे पहले बेरी में पुलिस चौंकी को भी प्रदर्शनकारियों ने जला दिया था। वहीं, केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बयान दिया है कि किसी के कंठ पर छुरी रखकर काम करवाना प्रजातंत्र के खिलाफ है। आरक्षण के मसले को बातचीत
के माध्यम से सुलझाया जा सकता है। बातचीत फ़ेल होने पर सरकार अपना काम करेगी। सेना को बुलाने का फैसला सही है।
सोनीपत के निकट दिल्ली की पानी सप्लाई रोकी
हरियाणा में जाट आंदोलन का असर दिल्ली तक पहुंच गया है। शनिवार की सुबह आंदोलनकारियों ने सोनीपत के निकट यमुना लिंक कैनाल से दिल्ली जाने वाले पानी की रूख मोडक़र दिल्ली की पानी सप्लाई रोक दी। प्रदर्शनकारियों ने अमृतसर-दिल्ली रेल लाइन को बाधित करने के बाद अब अमृतसर-दिल्ली वाया अंबाला मुख्य मार्ग को भी अपने कब्जे में ले लिया। इसके चलते चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाली बस सेवा प्रभावित हो गई है। हरियाणा द्वारा दिल्ली को रोजाना 1081 क्यूसिक पानी सप्लाई किया जाता है।
आंदोलनकारियों ने आज सुबह करीब साढे दस बजे पश्चिमी यमुना लिंक कैनाल के पानी का रूख मोड़ दिया। जिससे दिल्ली की तरफ जाने वाला पानी बंद हो गया। इसके बाद आंदोलकारियों ने अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर एक पर कब्जा कर जाम लगा दिया।
कृषि मंत्री और सांसद सैनी के आवास पर तोडफ़ोड़
जाट आरक्षण आंदोलनकारियों ने हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के आवास को आग लगाने के बाद आज कृषि मंत्री ओपी धनखड़ के आवास और सांसद राजकुमार सैनी के कार्यालय को निशाना बनाया, जिसके चलते झज्जर में भी कर्फ्यू लगा दिया गया है।
उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश
हरियाणा में जाट आंदोलन बेकाबू होते ही तीन जिलों में कर्फ्यू लगा दिया है। साथ ही, उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए हैं। आज सुबह सेना ने मोर्चा संभाल लिया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को रोहतक में पुलिस फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई और 25 लोग जख्मी हो गए। हालांकि प्रशासन ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है।
हिंसक भीड़ ने वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के घर और स्कूल में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। हालात बिगड़ते देख राज्य सरकार ने आठ जिलों में तैनाती के लिए सेना बुला ली है। वहीं, रोहतक, झज्जर और भिवानी के कई थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है, साथ ही देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए हैं।
झज्जर जिले में दो पुलिस चौकियों और एक टोला प्लाजा को फूंक दिया गया। भिवानी में जाट-गैर जाट गुटों में पुलिस की मौजूदगी में हुई झड़प में 8-10 युवक घायल हो गए। सड़क और रेल मार्ग जाम होने के बाद जगह-जगह आगजनी की घटनाओं ने प्रदेश के पुलिस और खुफिया तंत्र की पोल खोल दी है। इससे पहले, आंदोलनकारियों के बीच घुसे शरारती तत्वों ने एमडीयू के सामने स्थित वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के घर के आगे एक गाड़ी को आग लगा दी। इसके बाद भीड़ कैप्टन अभिमन्यु के घर में घुस गई। वहां मौजूद लोगों को बाहर निकालकर तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी गई।
भिड़ंत में डीएसपी और एसएचओ घायल
वहीं, एमडीयू गेट पर मोर्चा जमाए बैठे आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच भिड़ंत में डीएसपी और एसएचओ घायल हो गए। कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी फूंक दी। करीब तीन बजे आईजी ऑफिस में घुसने का प्रयास कर रहे आंदोलनकारियों को रोकने के लिए पुलिस को सर्किट हाउस में मोर्चा लेकर फायरिंग करनी पड़ी।
इससे एक आंदोलनकारी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि इलाज के दौरान पीजीआई में दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। प्रदर्शनकारियों ने सर्किट हाउस में खड़ी तीन सरकारी गाड़ियों को फूंक दिया। झज्जर जिले में डीघल चौकी, दुजाना चौकी और डीघल टोल प्लाजा को आग लगाने का समाचार है। सरकार ने प्रदेश के सर्वाधिक प्रभावित आठ जिलों रोहतक, सोनीपत, जींद, झज्जर, हिसार, भिवानी, पानीपत, कैथल में सेना तैनाती की मांग की है।
पुलिस महानिदेशक यशपाल सिंघल ने बताया कि भीड़ ने एमडीयू के गेट नंबर दो के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया था। उन्हें मुक्त करवाने के लिए बीएसएफ ने प्रयास शुरू किए तो भीड़ में से किसी व्यक्ति ने बीएसएफ के जवान पर गोली चला दी। इसके बाद बीएसएफ के जवानों ने बचाव में फायरिंग की, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।
सांसद सैनी के आवास पर तोड़फोड़
जाट आरक्षण के मुखर विरोधी भाजपा सांसद राज कुमार सैनी के कैथल में आवास पर तोड़फोड़ की गई। कुरुक्षेत्र स्थित आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इंटरनेट, एसएमएस सेवा बंद
आरक्षण के लिए आंदोलन को देखते हुए सरकार ने रोहतक, हिसार, झज्जर और अन्य जिलों में इंटरनेट और मोबाइल एसएमएस सेवा को बंद कर दिया है।
लोग हिंसा में हुए जख्मी
मंत्रियों-विधायकों के घरों की सुरक्षा बढ़ाई
डीजीपी यशपाल सिंघल ने रोहतक में भीड़ द्वारा वित्त मंत्री के घर में आगजनी किए जाने की घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया क॥ि इस घटना के बाद प्रदेश में सभी मंत्रियों और विधायकों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही उनके घरों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।