हाईकोर्ट से फटकार के बाद मुरथल के कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में सुखदेव ढाबा की सीसीटीवी फुटेज फिर खंगाली जा सकती है। ऐसे में ढाबा फिर से जांच का केंद्र बन सकता है।
ढाबे के मालिक अमरीक सिंह से भी पूछताछ की जा सकती है। यह सब कुछ मुरथल के कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुख्ता रिपोर्ट पाने के लिए किया जाएगा। अभी तक इस मामले में कोई भी ठोस प्रत्यक्षदर्शी या पीड़ित सामने नहीं आया है।
दूसरी ओर पुलिस नरेला की रहने वाली महिला द्वारा गैंगरेप की शिकायत मामले की भी जांच में जुटी हुई है। पुलिस का मानना है कि अभी शिकायकर्ता महिला द्वारा पहले दी गई शिकायतों का ब्यौरा लिया जा रहा है और उनकी जांच की जा रही है।
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में सोमवार को सरकार की ओर से पेश की स्टेट्स रिपोर्ट पर हाईकोर्ट ने आपत्ति जताते हुए उन लोगों से पूछताछ करने के निर्देश दिए थे, जिन्होंने 21-22 की रात सुखदेव ढाबे में शरण ली थी।
ऐसे में हाईकोर्ट के निर्देश पर ही ढाबे का सीसी टीवी फुटेज और रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है, ताकि उन लोगों से बातचीत की जा सके। 21 और 22 की रात फंसे लोगों को ढाबे में शरण दी गई थी।