अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने आगामी रणनीति का खुलासा कर दिया। साथ ही होली सेलिब्रेशन को लेकर बड़ा ऐलान किया। कहा कि प्रदेश में चल रहे धरनास्थल पर ही होलिका दहन होगा और सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में कोई भी फाग नहीं खेलेगा। जसिया धरनास्थल पर कोर कमेटी की बैठक लेने के बाद उन्होंने ये निर्णय लिया, जिस पर सभी ने सहमति जता दी।
मंगलवार शाम करीब चार बजे यशपाल मलिक जसिया धरने पर पहुंचे। उन्होंने कोर कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने अगली रणनीति का खुलासा किया। कहा कि 20 मार्च को संसद घेराव की पूरी तैयारी कर ली गई है। धरनास्थल महिलाएं संभालेंगी और पुरुष दिल्ली कूच करेंगे।
रोहतक क्षेत्र के लोगों के लिए सांपला में प्वाइंट बनाया गया है और झज्जर के लोग नया गांव बस स्टैंड पर इकट्ठा होंगे। इसके अलावा भी कई स्थानों पर प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का काफिला दिल्ली की तरफ कूच करेगा। संसद घेराव के लिए पंफ्लेट तैयार हो गए हैं, जिन्हें घर-घर में जाकर बांटा जाएगा। सभी को निर्देश दे दिए गए हैं कि खाने-पीने का सामान साथ लेकर शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली कूच की जाए।
उन्होंने कहा कि 12 तारीख को होलिका दहन धरनास्थल पर होगा, जिसमें विरोध स्वरूप सरकार के पुतले फूंके जाएंगे। वहीं, जाट समाज फाग भी नहीं खेलेगा। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी अशोक बल्हारा और जिला महासचिव कृष्णलाल हुड्डा आदि मौजूद रहे।
हरियाणा जाट आरक्षण आंदोलन
हर बार्डर पर बनेंगे ट्रांजिट कैंप
मलिक ने कहा कि दिल्ली कूच के लिए सभी बार्डर पर ट्रांजिट कैंप बनाए जाएंगे। जहां पर खाने-पीने का पूरा बंदोबस्त रहेगा। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी। शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली कूच के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं।
मांग पूरी होने के बाद ही होगी दिल्ली से वापसी
जसिया से पहले दोपहर के समय राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक महम में लोगों को निमंत्रण देने के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि 20 मार्च को दिल्ली कूच से वापसी मांग पूरी होने के बाद ही होगी। आंदोलनकारियों को जहां पर भी पुलिस-प्रशासन ने रोकने की कोशिश की तो वहीं पर डेरा डाल दिया जाएगा। सभी पूरे बंदोबस्त के साथ दिल्ली कूच करें।
उन्होंने कहा कि कई दलों का समर्थन उन्हें मिल चुका है, लेकिन सरकार के जाट मंत्री किसी मोह की वजह से समर्थन नहीं दे रहे। जल्द ही समर्थन नहीं देने पर ऐसे मंत्रियों का बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर बीएस अहलावत, रामकिशन मोखरा, भीम सिंह राठी, महंत सतीश दास, जीता खेड़ी, रामफल राठी, पूर्व सरपंच राजेश कुमार व संदीप नेहरा आदि मौजूद रहे।