हरियाणा विधानसभा में गूंजा गुरमेहर प्रकरण
हरियाणा विधानसभा में शून्यकाल के दौरान गुरमेहर प्रकरण खूब गूंजा। इनेलो विधायक जसविंद्र संधू के मामला उठाने पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज भड़क उठे। उन्हेंसंधू पर हावी होता देख इनेलो विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसमें भाजपा विधायक भी शामिल हो गए। दोनों ओर से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला और नारेबाजी भी हुई।
संधू के समर्थन में जहां इनेलो विधायक बलवान सिंह, रामचंद कंबोज, नसीम अहमद, रविंद्र बलियाला व ओमप्रकाश गोरा शोर-शराबा करने लगे तो स्वास्थ्य मंत्री के समर्थन में मंत्री नायब सिंह सैनी, ज्ञान गुप्ता व असीम गोयल भी सामने आए। मामला बिगड़ता देख स्पीकर ने हस्तक्षेप किया। तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ।
सदन में तो विवाद निपट गया, लेकिन बाहर विज ने फिर आग उगली। इस बीच इनेलो की ओर से नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने मोर्चा संभालते हुए उन्हें आड़े हाथों लिया। कांग्रेस विधायकों ने भी विज का इस मसले पर विरोध किया।