एसवाईएल मुद्दे पर हरियाणा व पंजाब की राजनीति में जहां उठा पटक जारी है। ऐसे में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर विपक्षियों पर जमकर प्रहार किया है। स्वास्थ्य मंत्री विज ने कहा कि इनेलो और अकाली एक ही सिक्के के दो पहलू है। विज ने कहा जब पंजाब बुरी तरह कोर्ट की लड़ाई हार गया।
ऐसे में जनता को भड़काने के लिए ने अकालियों (बादल सरकार) ने चौटाला का साथ मांगा है। विज ने कहा इनेलो और बादल सरकार एसवाईएल के मुद्दे को लेकर राजनीतिक नौटंकी कर रही है। विज ने कहा कि एसवाईएल नहर की खुदाई करने के मूर्खतापूर्ण निर्णय से इनेलो जनता के साथ शत्रुता निकाल रही है। ताकि हाईकोर्ट के फैसले को समय पर अमल में न लाया जा सके।
विज ने कहा कि पंजाब के अकाली दल तथा हरियाणा की इनेलो आपसी मिलीभगत कर हरियाणा की जनता के हितों के खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं। ताकि नहर के आसपास का माहौल खराब हो जाए और नहर निर्माण में बाधा उत्पन्न हो सके। उन्होंने कहा कि कानूनी दायरे में प्रदेश की जनता के लिए एसवाईएल का पानी लाने का काम जारी रहेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इनेलो न केवल राज्य में माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है, बल्कि गंभीर मुद्दों का मजाक बना रही है।
विज ने कहा कि हमारी सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में एसवाईएल नहर के निर्माण के लिए सघन पैरवी की। इसके फलस्वरूप न्यायालय के आदेश पर हरियाणा की जनता को नहर का पानी मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इनेलो द्वारा उठाया गया यह कदम प्रदेश व जनता के विरुद्ध है। जिससे हरियाणा को नुकसान की उम्मीद अधिक है।