फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंचकूलाः सामान्य स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल पहुंचे हरियाणा के राज्यपाल, सुरक्षा चाकचौबंद

Wed, 29 May 2019 01:14 AM IST
खुशबू गोयल अवधेश शुक्ला, अमर उजाला, चंडीगढ़/पंचकूला
विज्ञापन
गवर्नर सत्यदेव नारायण आर्य - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्या मंगलवार को सामान्य स्वास्थ्य जांच के लिये सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल पहुंचे। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। करीब दो घंटे तक किसी को भी इमरजेंसी के आसपास फटकने नहीं दिया गया। लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 

विज्ञापन


वहीं, मुख्य सड़क से अस्पताल की ओर आने वाले लिंक रोड को भी वन-वे कर दिया गया था। कड़ी सुरक्षा के बीच राज्यपाल का काफिला ठीक दस बजे सामान्य अस्पताल परिसर में प्रवेश हुआ। यहां पहुंचने पर स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. सतीश अग्रवाल, एसडीएम पंकज सेतिया और सिविल सर्जन डॉ. योगेश शर्मा ने गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत किया।

चिकित्सकों ने राज्यपाल के स्वास्थ्य की जांच की और सामान्य जांच के लिए विभिन्न टेस्ट भी किए। ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एमआरआई व सीटी स्कैन सेंटर पर लगभग एक घंटे से अधिक समय तक उनकी जांच हुई। इसके बाद रेडियोलॉजिस्ट विभाग से उन्हें रिपोर्ट दी गई। सिविल सर्जन डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य जांच में सभी टेस्ट सही पाए गए हैं।
विज्ञापन


 राज्यपाल ने स्वास्थ्य जांच में सहयोग के लिए चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया और सिविल अस्पताल में बेहतर स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना भी की। स्वास्थ्य जांच के लिए राज्यपाल लगभग पौने दो घंटे सिविल अस्पताल में मौजूद रहे। उनका काफिला 11.45 बजे अस्पताल परिसर से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुआ।

एमआरआई के लिए लोगों को घंटों करना पड़ा इंतजार 
एमआरआई करवाने के लिए अस्पताल पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं, एक्सरे रूम के बाहर भी पुलिस तैनात होने के कारण लोगों को एक्सरे करवाने के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुरक्षा के मद्देनजर ए ब्लॉक के सामने की पार्किंग की जगह को भी खाली करवा दिया गया था। जहां पर राज्यपाल की गाड़ी को खड़ा किया गया था।

विज्ञापन

इमरजेंसी की ओर जाने वाले रास्ते को किया बंद

मंगलवार सुबह 9 बजे ही राज्यपाल के पहुंचने से पहले ही इमरजेंसी की ओर जाने वाले रास्ते बंद करवा दिए गए। इमरजेंसी की ओर किसी भी व्यक्ति को जाने नहीं दिया जा रहा था। जिसे इमरजेंसी सुविधा की जरूरत थी उसे ही जाने दिया गया। लोगों को अपने रिश्तेदारों से मिलने और ओपीडी जाने के लिए नए रास्तों से होकर गुजरना पड़ा। इमरजेंसी का रास्ता और ए ब्लॉक का रास्ता मंगलवार को आम लोगों के लिए बंद था। पैदल आने-जाने के लिए रास्ता खुला था। 

सुरक्षा के चलते आम दरवाजे भी हुए लॉक
आम दिनों में लोगों के लिए परिसर के जो दरवाजे खुले रहते थे वह भी बंद दिखे। गेट बंद होने की जानकारी स्टाफ को भी न होने से वह भी आपस में उलझते नजर आए। हृदय आरोग्य केंद्र के बाहर किसी को भी बाहर खड़े होने की इजाजत नहीं दी गई। गर्भवती महिलाओं को भी चेकिंग करवाने के लिए दिक्कत का सामना करना पड़ा। जांच केंद्र प्रथम तल पर होने के कारण महिलाओं को ओपीडी के रास्ते से जाना पड़ रहा था। जबकि सामान्य दिनों मे इमरजेंसी के रास्ते से वहां इलाज करवाने के लिए विभाग में जाती थीं जो नजदीक है। 

सुरक्षा में लगे सैकड़ों पुलिस कर्मी 
राज्यपाल के सामान्य अस्पताल में आने की सूचना पर पुलिस प्रशासन की ओर से करीब 150 से अधिक जवानों को सुरक्षा में तैनात किया गया था। इसके अलावा पंचकूला की स्वैट टीम भी इमरजेंसी गेट पर तैनात रही। अस्पताल में हर एंट्री पर मेटल डिटेक्टर लगवाया गया था। इसके अलावा राज्यपाल के अस्पताल परिसर में पहुंचने से करीब पौना घंटे पहले डीसीपी कमलदीप गोयल सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें