हरियाणा विजिलेंस ने अपनी जांच में कई अधिकारियों को भ्रष्टाचार के दायरे में घिरा पाया है। अब इन अफसरों पर गाज गिरनी तय है। विभाग ने इस साल 12 जांच पूरी की हैं, जिनमें इन अधिकारियों को दोषी पाया है।
विभाग के मुताबिक, अक्तूबर, 2019 के दौरान पूर्ण की गई 12 जांचों में से 7 जांचों में आरोप सिद्ध हुए हैं, जिनमें से 4 जांचों में 4 राजपत्रित अधिकारियों व 10 अराजपत्रित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की है। इसके अलावा पांच अराजपत्रित अधिकारियों से 31,88,347 रुपये की वसूली करने, 2 जांचों में एक राजपत्रित अधिकारी व 3 अराजपत्रित अधिकारियों तथा 4 निजी व्यक्तियों के विरुद्ध आपराधिक मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
एक अराजपत्रित अधिकारी से 30,130 रुपये की वसूली करने का सुझाव दिया गया है। इसके अलावा इस माह के दौरान जिला फरीदाबाद के पुलिस थाना धौज के मुख्य सिपाही राकेश कुमार को 30 हजार रुपये की रिश्वत तथा जिला रेवाड़ी के बिजली बोर्ड के उप-मंडल अधिकारी जगदीप रौहिला को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।