दिल्ली में नियुक्त हरियाणा के अधिकारियों को प्रदेश सरकार बड़ा तोहफा देने की तैयारी की है। दरअसल हरियाणा सरकार ने दिल्ली में नियुक्त अधिकारियों को आवास सुविधा मुहैया कराने के लिए नाभा हाउस (नई दिल्ली) परिसर में 10 फ्लैट्स के अलावा 1000 व्यक्तियों की क्षमता वाले एक बहु-उद्देश्यीय हॉल के निर्माण का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में सोमवार को हुई एक बैठक में यह फैसला लिया गया।
मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन के नए भवन के नक्शे की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि भवन भूकंपरोधी होने सहित हरित भवन के सभी मानकों को पूरा करता हो। उन्होंने कहा कि निर्देश दिए जा चुके हैं कि प्रदेश में सरकारी भवनों का विस्तार इस तरह किया जाना चाहिए, ताकि अधिकतम जगह का उपयोग हो सके।
इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि सोनीपत के राई में राजकीय अतिथि गृह का निर्माण कार्य पूरा होने वाला है। जबकि गुड़गांव में पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह का भवन निर्माणाधीन है। बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव डीएस ढेसी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर मौजूद थे।
नए भवन में मुख्यमंत्री और राज्यपाल के लिए भी होगी खास सुविधा
नए भवन में मुख्यमंत्री तथा राज्यपाल के लिए अलग-अलग सुइट होंगे, जो आपस में जुड़े होंगे। इसके अतिरिक्त, भवन में 130 सामान्य कक्ष, 24 सुइट्स, 34 शेयरिंग रूम के अलावा 78 स्टाफ डोरमेट्रीज होंगी। इसमें तीन बेसमेंट पार्किंग भी होंगी। बैठक में बताया गया कि नए भवन में 24 लिफ्ट की सुविधा होगी। इमारत में एक समय में 600 लोगों के ठहरने की सुविधा होगी। इसकी छत पर सोलर पैनल्स स्थापित किए जाएंगे, ताकि सौर ऊर्जा संरक्षित की जा सके।