हरियाणा में लाभार्थियों को केंद्र सरकार की ओर से भले ही नवंबर तक राशन निशुल्क मिलेगा, लेकि राज्य सरकार फ्री में राशन नहीं देगी। राज्य सरकार की सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत लाभार्थियों को राशन पहले की तरह डिपुओं से खरीदना पड़ेगा। हालांकि लॉकडाउन में हरियाणा ने भी केंद्र की तर्ज पर तीन माह अप्रैल, मई और जून में प्रदेश के गरीबों, जरूरतमंदों और मजदूरों को करीब 202 करोड़ का निशुल्क राशन बांटा है।
मगर अब जहां एक ओर केंद्र ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत नवंबर तक लाभार्थियों के लिए फिर से निशुल्क राशन का एलान कर दिया है। वहीं, राज्य सरकार अपने हिस्से का राशन डिपो से फिलहाल पहले की तरह सस्ते रेट पर ही बेचेगी। इसके लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा राशन डिपो संचालकों से जुलाई के राशन की एडवांस राशि जमा करवाई जा रही है। बहुत से राशन डिपो संचालकों ने ये एडवांस राशि जमा भी करवा दी है।
हरियाणा भी नवंबर तक मुफ्त बांटे राशन
सहायता सदन हरियाणा के अध्यक्ष चंद्र दुग्गल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मांग की है कि केंद्र की तर्ज पर हरियाणा भी नवंबर तक गरीबों और जरूरतमंदों को निशुल्क राशन बांटे। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां भले ही अनलॉक की ओर बढ़ रही हैं। लेकिन लोगों की आमदनी के स्त्रोत अभी पहले की तरह पूरी तरह बहाल नहीं हुए हैं। बहुत से लोग अभी भी बेहद आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार को चाहिए कि वे भी नवंबर तक गरीबों को निशुल्क राशन वितरित कर उनकी मदद करे।
डिस्ट्रेस टोकन स्कीम का लाभ अब नहीं मिलेगा
हरियाणा सरकार ने प्रवासी मजदूरों और हरे कार्ड वाले जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए डिस्ट्रेस टोकन स्कीम शुरू की थी। बाद में इस योजना को आत्मनिर्भर राशन वितरण योजना में कन्वर्ट कर दिया गया था। इसके अंतर्गत 1512930 मजदूरों व लोगों को मई और जून में हरियाणा सरकार ने निशुल्क राशन दिया था। मगर अब चूंकि प्रवासी मजदूर अपने गंतव्य तक पहुंच चुके हैं। इसलिए इस योजना के तहत अब राशन नहीं मिलेगा।
केंद्र व राज्य सरकार की राशन वितरण स्कीम
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के बाद हरियाणा में भी 27 लाख लाभार्थी परिवारों के 1 करोड़ 20 लाख सदस्यों को नवंबर तक केंद्र की ओर से निशुल्क राशन डिपुओं पर वितरित किया जाएगा। राशन पाने वालों में हरियाणा के बीपीएल, अंत्योदय और जरूरतमंद लाभार्थी शामिल है। इन लोगों को 5 किलो प्रति व्यक्ति गेहूं और 1 किलो साबुत काला चना प्रति परिवार निशुल्क मिलेगा। राज्य सरकार ने इस महीने के लिए 2700 मीट्रिक टन साबुत काले चने की डिमांड केंद्र को भेज दी है।
- हरियाणा सरकार की ओर से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उक्त सभी लाभार्थी परिवारों को राशन डिपुओं पर नमक, चीनी, सरसों का तेल, आटा व गेहूं सस्ते दामों पर बेचा जाता है।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत हरियाणा के लाभार्थियों को भी नवंबर तक निशुल्क राशन मिलेगा। जबकि हरियाणा सरकार अपनी ओर से राशन निशुल्क देने की अवधि आगे बढ़ाएगी या नहीं इस पर अभी कोई निर्देश नहीं आए हैं। इसलिए डिपुओं पर राशन फिलहाल पहले की तरह ही डिपो पर दिया जाएगा।
- पीके दास, अतिरिक्त मुख्य सचिव, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग