बैठक के बाद कृषि मंत्री ने मीडिया से बातचीत में बताया कि कमेटी ने सभी सुझावों पर विचार करके राय बना ली है। जल्द कमेटी की रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंप दी जाएगी। बैठक में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, विधायक हरविंद्र कल्याण, विधायक रामकरण काला, विधायक प्रवीण डागर, सहकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, कृषि विभाग की एसीएस सुमिता मिश्रा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रबी फसल में नुकसान की पांच फरवरी से शुरू होगी गिरदावरी: दुष्यंत
उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि रबी की फसलों में हुए नुकसान की सामान्य गिरदावरी पांच फरवरी से शुरू होगी। इसमें किसानों को राज्य सरकार की नीति के तहत 12 हजार रुपये से लेकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ तक मुआवजा दिया जाएगा।
राजस्व एवं आपदा विभाग के प्रभारी डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने मंगलवार को बताया कि हाल ही में रबी सीजन की विभिन्न फसलों को जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जाएगी। पांच फरवरी से रबी की सभी मुख्य फसलों की गिरदावरी होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की नीति के तहत किसानों को फसलों के अनुसार 12 हजार रुपये से लेकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ तक मुआवजा दिया जाएगा। किसी भी किसान का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।