हरियाणा की खट्टर सरकार ने नोटबंदी के बाद भाजपा से नाराज चल रहे व्यापारियों को साधने का खाका तैयार किया है। अब बीजेपी सरकार व्यापारियों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी में है। व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन गोपाल शरण गर्ग ने प्रदेश की 125 मंडियों का दौराकर और पंजीकृत व्यापारियों से चर्चा के बाद सरकार को अहम सुझाव दिए हैं। इन पर 26 मार्च को कुरुक्षेत्र में होने जा रहे व्यापारी सम्मेलन में मुहर लगना तय है।
सीएम मनोहर लाल पार्टी के परंपरागत वोट को पक्का करने के लिए कई घोषणाएं कर सकते हैं। साथ ही कई नई योजनाएं शुरू किए जाने की उम्मीद है। व्यापारी कल्याण बोर्ड ने सम्मेलन से पहले हरियाणा एक, हरियाणावी एक और हरियाणा का व्यापारी एक का नारा भी दिया है।
गर्ग ने बताया कि व्यापारियों से चर्चा के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को व्यापारियों के लिए सामूहिक बीमा, कर संग्रहक का दर्जा, पेंशन की सुविधा, नियमों का सरलीकरण, भयमुक्त व्यापार, आढ़तियों के जरिए पेमेंट, मार्केट फीस में राहत, लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया का सरलीकरण, बीस-बीस साल से बनी दुकानों को कंप्लीशन प्रमाण पत्र जारी करवाना और गलत बिजली बिलों से निजात दिलाने का सुझाव दिया है।
मुख्यमंत्री ने इनमें से अनेक जायज मांगों को पूरा करने की हामी भी भरी है, जिनकी घोषणा सम्मेलन में की जाएगी। गर्ग ने कहा कि सरकार व्यापारियों को राहत देने के पक्ष में है, मगर अफसरशाही रोड़े अटकाती आई है।