‘ताउते’ चक्रवात को लेकर हरियाणा सरकार ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। साथ ही सभी जिलों के डीसी को अलर्ट किया गया है। विपरीत स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन की तैयारी रखने के निर्देश जारी किए हैं। हरियाणा के वित्तायुक्त राजस्व और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजीव कौशल ने कहा कि लोग घरों के अंदर रहें और यात्रा से बचें। साथ ही दरवाजे-खिड़की बंद रखें। अनावश्यक बिजली के उपकरणों को अनप्लग करें।
मौसम को लेकर सतर्क रहें और घरों से बाहर न निकलें। तूफान गुजरात, राजस्थान से होते हुए हरियाणा की तरफ बढ़ा है। गुरुवार को राज्य के अधिकतर जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। सभी जिलों के उपायुक्तों को नियमित मॉनिटरिंग और प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। - दुष्यंत चौटाला, डिप्टी सीएम।
तापमान में रिकॉर्ड 19 डिग्री सेल्सियस की गिरावट
हरियाणा में ताउते के असर से तापमान में भारी गिरावट आई है। नारनौल और रोहतक में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। रोहतक में अधिकतम तापमान 21.5 और नारनौल में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र बनने व पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 20 मई को भी तेज हवाएं व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसका प्रभाव 21 मई तक रहने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार इस समय घने बादल बने हुए हैं। ऐसे बादल आमतौर पर मानसून के सीजन में ही देखने को मिलते हैं।
- शहर अधिकतम न्यूनतम
- अंबाला- 26.4 23.0
- हिसार- 26.2 22.8
- नारनौल- 21.8 19.5
- रोहतक- 21.5 21.8
- गुरुग्राम- 23.7 21.7
- भिवानी- 26.4 23.2