हरियाणा सरकार ने गेस्ट टीचरों को चुनाव से पहले बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने गेस्ट टीचरों का वेतन 25 फीसदी बढ़ा दिया है। वित्त विभाग ने स्कूल शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगा दी है। इससे गेस्ट को बढ़ा हुआ वेतन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। वेतन वृद्धि की अधिसूचना जल्दी ही वित्त विभाग की ओर से जारी कर दी जाएगी।
हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने बताया कि पहली जनवरी 2019 से गेस्ट टीचर्स के वेतन में साल में दो बार बढ़ोतरी होगी। हरियाणा में 13771 गेस्ट टीचर्स कार्यरत हैं, वेतन बढ़ोतरी से गेस्ट टीचर्स को सालाना करीब 87 करोड़ रुपये का लाभ होगा।
गेस्ट टीचर्स के वेतन को 26 हजार रुपये से लेकर 36 हजार रुपये तक कर दिया गया है। पहले जेबीटी और ड्राइंग टीचर्स को 21 हजार 715 रुपये मिलते थे, अब उन्हें 26 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। टीजीटी को 24 हजार रुपये की जगह 30 हजार रुपये और पीजीटी व लेक्चरर को 29 हजार 715 की जगह 36 हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा। हरियाणा में गेस्ट टीचर्स के तौर पर 6252 जेबीटी, 5554 टीजीटी और 1925 पीजीटी कार्यरत हैं।
पहले इन्हें सालाना करीब 392 करोड़ रुपये वेतन मिलता था, जो अब बढ़कर करीब 479 करोड़ रुपये हो गया है। पहली जनवरी 2019 से गेस्ट टीचर्स के वेतन में साल में दो बार यानि पहली जनवरी और पहली जुलाई को बढ़ोतरी होगी। पहली जनवरी 2017 को गेस्ट टीचर्स के वेतन में 14.29 फीसदी की बढ़ोतरी की गई थी और अब सरकार ने 25 फीसदी की बढ़ोतरी की है।