रणजीत चौटाला ने बताया कि लॉकडाउन में किसी तरह का सरचार्ज नहीं लगेगा और न ही कोई कनेक्शन कटेगा। सीएम के साथ बैठक में ये फैसला भी हुआ है। घरेलू कनेक्शन में छोटे दुकानदार भी हैं, उनको भी इससे राहत मिलेगी। प्रदेश में हर रोज 5 हजार मेगावाट बिजली की खपत हो रही है, जबकि सरकार के पास 12 हजार मेगावाट बिजली उपलब्ध है। जगमग योजना के तहत साढ़े 4 हजार गांवों में 24 घंटे बिजली दी जा रही है। उन्होंने कैथल में हाईटेंशन वायर से हादसे की जानकारी मांगी है।
पैरोल पर 31 मई को हालात अनुसार लेंगे निर्णय
जेल मंत्री रणजीत चौटाला ने कहा कि कोरोना के चलते कैदियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कमेटी बनाकर राहत दी है। आचरण के आधार पर कैदियों, बंदियों को पैरोल पर भेजा है। जस्टिस राजीव शर्मा, डीजीपी जेल और गृह सचिव की कमेटी ने कैदी के आचरण को देखकर राहत दी है। लगभग 4 हजार कैदियों को छोड़ा गया था, जबकि 2 हजार को कोर्ट से जमानत मिली थी। 6 हजार कैदी बाहर हैं, उनकी पैरोल 6 हफ्ते के लिए बढ़ाई गई है। 31 मई को हालात अनुसार आगामी निर्णय लिया जाएगा।