हरियाणा सरकार किसानों के 8 दिसंबर के बंद को लेकर सतर्क हो गई है। आज मुख्य सचिव ने उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। वीडियो कांफ्रेंसिंग से होने वाली इस बैठक में बंद के दौरान कानून व्यवस्था व शांति बनाए रखने को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय के चौथे तल पर मुख्य समिति कक्ष में सुबह 11 बजे शुरू होगी। इसमें सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की जाएगी ताकि बंद के दौरान स्थिति नियंत्रण में रहे। मुख्य सचिव कार्यालय की तरफ से सभी मुख्य विभागों के उच्च अधिकारियों को बैठक में बुलाया गया है।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व, लोक निर्माण विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, शहरी स्थानीय निकाय विभाग, गृह व स्वास्थ्य विभाग, प्रधान सचिव वन विभाग, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, दोनों उप प्रधान सचिव, डीजीपी, एडीजीपी सीआईडी, कानून व्यवस्था, मंडलायुक्त, सभी रेंज आईजी, सभी पुलिस आयुक्त, महानिदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, निदेशक शहरी स्थानीय निकाय विभाग, सभी डीसी, एसपी, सभी निगमायुक्त व जिला निगमायुक्तों को हिस्सा लेना होगा।