हरियाणा सरकार ने बल्लभगढ़ में महिला की पुलिसकर्मियों द्वारा पिटाई के मामले में कड़ी कार्रवाई की है। दो हेड कांस्टेबल को सस्पेंड व तीन एसपीओ को बर्खास्त कर दिया गया है। सरकार ने पिटाई के वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है।
मामला संज्ञान में आने पर सरकार ने डीजीपी को तुरंत सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए थे। डीजीपी ने हरकत में आते हुए कार्रवाई कर रिपोर्ट सरकार को भेज दी है। आरोपियों के खिलाफ फरीदाबाद में एफआईआर भी दर्ज की गई है।
पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि यह घटना पिछले साल अक्टूबर में हुई थी और पीड़िता ने पुलिस को सूचित नहीं किया था। डीजीपी मनोज यादव ने कहा कि हरियाणा पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान करने के लिए प्रतिबद्ध है। गैरकानूनी तरीके से काम करने के मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने से संकोच नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पांच आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आयुक्त फरीदाबाद ने एचसी बलदेव व रोहित को सस्पेंड व एसपीओ कृष्ण, हरपाल, और दिनेश को बर्खास्त कर दिया है।
घटना में संलिप्त 5 पुलिसकर्मी के खिलाफ मारपीट, महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने इत्यादि धाराओं के अंतर्गत थाना आदर्शनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित महिला की तलाश की जा रही है। उससे संपर्क कर बयान दर्ज किए जाएंगे।