एजेएल प्लॉट आवंटन मामले सहित मानेसर जमीन घोटाले में गुरुवार को पंचकूला जिला अदालत में सुनवाई हुई। मामले के आरोपी हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित अन्य पेशी पर पहुंचे। हालांकि, आरोपी मोती लाल वोरा स्वास्थ्य कारणों के चलते पेशी से छूट पर रहे। गुरुवार को मामले में आरोपों पर बहस होनी थी, लेकिन बचाव पक्ष ने कोर्ट से अगली तारीख पर बहस करवाने की रिक्वेस्ट की। इस कारण आरोपों पर बहस नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 फरवरी निर्धारित की।
मानेसर जमीन घोटाला: पंचकूला, जिला अदालत में गुरुवार को मानेसर जमीन घोटाले के मामले में भी सुनवाई हुई। मामले के आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित अन्य पेशी पर हाजिर रहे। कोर्ट रूम में सुनवाई के दौरान आरोपों पर बहस जारी रही। हालांकि, अभी एक आरोपी पर बहस होनी लंबित है। उसके अलावा अन्य आरोपियों पर बहस की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 11 फरवरी की तिथि निर्धारित की है।