भाजपा की शनिवार को सिरसा में होने वाली रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तरकश से बड़ा तीर चला सकते हैं। बताया जा रहा है कि मोदी मंच से डेरा सच्चा सौदा को गंगा और स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ने के लिए आमंत्रित कर सकते हैं।
डेरा पहले ही गंगा व स्वच्छ भारत अभियान की मुहिम चला चुका है। ऐसे में भाजपा सामाजिक मुद्दों के बहाने राजनीति की बिसात बिछा सकती है। यदि भाजपा व डेरा सच्चा सौदा एक मंच पर आते हैं तो इससे कुछ जगह पर समीकरण बदल सकते हैं।
इस वजह से सभी की निगाहें 11 अक्तूबर को सिरसा में होने वाली रैली पर लगी हुई हैं। भाजपा की ओर से लगातार डेरा सच्चा सौदा से नजदीकियां बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हरियाणा चुनाव प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय दो बार डेरा प्रमुख से मिल चुके हैं। वहीं, दो दिन पहले अमित शाह भी डेरे की राजनीतिक विंग के नुमाइंदों से मुलाकात कर चुके हैं।