हरियाणा जनहित कांग्रेस के टिकटों की घोषणा के साथ ही वर्करों ने पार्टी सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई की जमकर मुखालफत की। दावेदारों ने कुलदीप पर टिकटों की खरीद फरोख्त के आरोप लगाए।
विरोध कुलदीप बिश्नोई की प्रेस कान्फ्रेंस समाप्त होने के तुरंत बाद हुआ। विरोध देखते हुए कुलदीप अपनी गाड़ी में बैठकर मौके से निकल गए। इस दौरान एक उग्र युवक ने उनकी गाड़ी की तरफ प्रेस क्लब में रखी डस्टबिन का ढक्कन की उछाला, लेकिन बाद में कुछ कार्यकर्ताओं ने उसे शांत कर दिया।
इस दौरान पूर्व विधायक शशि पंवार ने कुलदीप बिश्नोई पर टिकटों की खरीद फरोख्त के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि वे पूर्व विधायक रहे हैं। उन्होंने पार्टी में मेहनत की और वे टिकट के लिए दादरी से दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दी है।
पंवार ने कहा कि इस घटना के बाद वे पार्टी के महासचिव का पद भी छोड़ रहे हैं। इस दौरान उनके साथ मौजूद हजकां के प्रवक्ता ओपी बहलवाला ने भी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए।
मौके पर मौजूद नंद किशोर गोयल ने कहा कि वे सफीदो से टिकट मांग रहे थे, लेकिन कुलदीप बिश्नोई वहां पर कांग्रेस प्रत्याशी को जितवाने के लिए उन्हें टिकट नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के साथ कुलदीप बिश्नोई और विनोद शर्मा की सेटिंग है।
हजकां मीडिया कोआर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन देवीलाल ने बताया कि आरोप बेबुनियाद है। हमने दादरी हलके से शशि पंवार के भाई को टिकट दिया है। कुलदीप बिश्नोई ने टिकट वितरण में कोई भेदभाव नहीं किया है।