हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को विधानसभा में कार्यालय मिल गया है। विधानसभा सचिवालय ने उन्हें कमरा नंबर 69 आवंटित किया है। विधानसभा में पहली बार किसी डिप्टी सीएम को कार्यालय मिला है। अब तक सीएम, स्पीकर, डिप्टी स्पीकर व संसदीय कार्यमंत्री को ही कार्यालय आवंटित किए जाते रहे हैं।
पूर्व भाजपा सरकार में सीएम मनोहर लाल ने नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला को भी कार्यालय मुहैया कराया था। तब से नेता प्रतिपक्ष को भी कार्यालय देने की परंपरा शुरू हो गई है। विधानसभा सचिवालय ने इस बार नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी कार्यालय दे दिया है।
जननायक जनता पार्टी के भाजपा के साथ गठबंधन सरकार बनाने के बाद दुष्यंत डिप्टी सीएम बने थे। उसके बाद ही उनके कार्यालय की ओर से विधानसभा में भी कार्यालय आवंटित करने की मांग की गई थी। अब स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने दुष्यंत चौटाला को कार्यालय आवंटित करने को स्वीकृति दे दी है।
इसके बाद ही विधानसभा सचिवालय के सचिव ने डिप्टी सीएम को पत्र के जरिये कमरा नंबर 69 आवंटित होने की जानकारी दी है। जरूरत अनुसार उन्हें विधानसभा में अस्थायी स्टाफ भी मुहैया कराया जाएगा। सूत्रों के अनुसार दुष्यंत बजट सत्र के दौरान विधानसभा कार्यालय में कामकाज शुरू कर देंगे।