हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल-हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा
- फोटो : फाइल फोटो
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने सोमवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखकर हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि के कारण बर्बाद हुई फसलों की विशेष गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसानों को 20 दिनों के अंदर मुआवजे का भुगतान करने की मांग की है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में रविवार को हुई बारिश व ओलावृष्टि से सरसों, सब्जियों तथा अन्य फसलों को 80 प्रतिशत से अधिक तक का नुकसान हुआ है। किसानों द्वारा अभी हाल ही में जो गेहूं की फसल की बुआई की गई थी, वह भी कई स्थानों पर बारिश व ओलावृष्टि से नष्ट हो गई है। वहीं कई स्थानों पर किसानों द्वारा जो धान की फसल बिक्री के लिए रखी गई थी, उसे भी भारी नुकसान पहुंचा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब से केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार आई है तभी से हमारे मेहनतकश किसानों पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिछले 6 वर्ष से ज्यादा समय से किसान लगातार इस सरकार की मार झेल रहे हैं। कोरोना महामारी के कारण उपजे हालात ने किसानों की कमर तोड़कर रख दी है।
सरकार द्वारा लाए गए कृषि विरोधी काले कानून किसानों पर कहर बनकर टूट रहे हैं। प्रदेश में किसानों की फसलें औने पौने दामों पर बिक रही हैं। फसलों में नमी बताकर उनकी खरीद नहीं की जा रही है। किसान दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। वहीं अब इस बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की उम्मीदों को पूरी तरह धराशायी कर दिया है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश का किसान पहले ही इस सरकार की जनविरोधी नीतियों की मार झेल रहा है। ऐसे समय में कुदरत की यह मार किसानों के लिए बिल्कुल ही असहनीय है, जिसे दूर करने के लिए सरकार द्वारा तत्काल प्रभाव से प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। सरकार तुरंत प्रभाव से फसलों की विशेष गिरदावरी करवाकर सभी प्रभावित किसानों को 20 दिनों के अंदर मुआवजा दे।