सूत्रों के अनुसार एक समय तो कुमारी सैलजा के नाम पर भी सहमति बन गई थी लेकिन उनको भी टिकट नहीं दिया गया। ऐसे में नाराज विधायक कांग्रेस का बना-बनाया अंक गणित बिगाड़ सकते हैं। चूंकि, 5-6 विधायकों के हाव-भाव बदले हुए हैं। माकन को जीत दिलाकर हुड्डा दस जनपथ में अपना कद बरकरार रखने के साथ ही 2016 में लगे उलटफेर के आरोप से भी बचना चाहेंगे।
हुड्डा, बंसल, माकन के अपने-अपने दावे
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावा किया कि जीत कांग्रेस की ही होगी। कुलदीप के न आने पर 30 विधायकों के वोट से भी उम्मीदवार जीत जाएंगे। पार्टी के सभी विधायक एकजुट हैं। 2016 में क्या हुआ था, सभी जानते हैं, उन कारणों को जानने की अब जरूरत नहीं। पार्टी प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई निश्चित ही माकन के पक्ष में मतदान करेंगे। वह नामांकन प्रक्रिया के दौरान मौजूद क्यों नहीं रहे, उनक कारणों पर वह नहीं जाना चाहते। अजय माकन ने कहा कि उन्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। चिंता भाजपा को करनी चाहिए। कांग्रेस एकजुट है।
नामांकन करना सबका अधिकार: मनोहर लाल
सीएम मनोहर लाल का कहना है कि नामांकन करना सबका अधिकार है। तीसरे उम्मीदवार के उतरने से अब मतदान होगा। पार्टी हाईकमान के निर्णय अनुसार निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन दिया जाएगा।
विनोद के साथ पहुंचे रणजीत चौटाला
कार्तिकेय के नामांकन में बिजली मंत्री रणजीत चौटाला के पहुंचने के अनेक संकेत हैं। नामांकन पत्र पर नौ विधायकों ने बतौर प्रस्तावक हस्ताक्षर किए हैं। इनमें निर्दलीय व जजपा विधायक शामिल हैं। चौटाला के आने से सरकार और निर्दलीय दोनों का साथ कार्तिकेय को एक तरह से मिल गया। रणजीत सिंह विधानसभा में विनोद शर्मा के साथ पहुंचे और पर्चा दाखिल कराने के बाद साथ ही निकले।