हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पंचकूला के खड़क मंगोली गांव में बरसाती पानी के तेज बहाव में कार समेत फंसी महिला की जान बचाने वाले 15 साहसी लोगों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। महिला की जान बचाने में शामिल व्यक्तियों को कुल 3,15,000 रुपये की नकद राशि और प्रशंसा पत्र से पुरस्कृत किया जाएगा। ये सभी पंचकूला के खड़क मंगोली के रहने वाले हैं।
यह घटना रविवार की है। पंचकूला एमडीसी निवासी महिला संगीता बजाज (69) घग्गर नदी के पास पूजा सामग्री विसर्जित करने गई थी। उन्होंने अपनी गाड़ी खड़क मंगोली के पास खड़ी की तभी पानी का तेज बहाव आया और वह गाड़ी समेत फंस गईं। यह देख वहां उपस्थित खड़क मंगोली के 15 व्यक्तियों (14 युवक व एक युवती) ने अदम्य साहस का परिचय दिखाया।
सभी ने जान पर खेल कर संगीता को काफी मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकाला गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल है। उनके इस साहसिक कार्य की हर जगह प्रशंसा हो रही है। जान बचाने वालों में विक्रम, किशन, सोनू, सुनील, पप्पू कुमार, छोटे लाल, रक्षपाल सिंह चौहान, सलीम, महेन्द्र, जितेन्द्र, संजू, रणजीत, अनिल, बबलू और ममता शामिल थे।