मुख्यमंत्री ने शहीद के पिता ब्रिगेडियर चन्द्रकांत सूद, माता सुमन देवी, बहन कर्नल हर्षिता, पत्नी आकृति सिहं सहित पूरे परिवार को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री के साथ शोक व्यक्त करने वालों में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानंचद गुप्ता, पूर्व विधायक लतिका शर्मा, उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा, पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा तथा भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा भी मौजूद थे।
कुरुक्षेत्र सांसद और अंबाला विधायक ने किया शोक व्यक्त
जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में शहीद हुए मेजर अनुज सूद के निवास स्थान पर परिवार को सांत्वना देने के लिए कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी और अंबाला के विधायक असीम गोयल और हरियाणा एग्रो इंडस्ट्री के निर्देशक श्याम लाल बंसल पहुंचे। सब ने मेजर अनुज सूद को श्रद्धांजलि अर्पित की। सांसद और विधायक ने गुरुवार को मेजर सूद के पिता रिटायर्ड ब्रिगेडियर चंद्रकांत सूद व परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी और कहा कि यह बहुत बड़ी क्षति है, जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता है।
इस दौरान शहीद मेजर अनुज सूद के पिता रिटायर्ड ब्रिगेडियर चंद्रकांत सूद कुछ भावुक हुए और कहा कि बेटे की शहादत पर उन्हें गर्व है। वह देश का बेटा था, देश के लिए शहीद हो गया। सांसद ने कहा कि देश के लिए ऐसे शहीद वीरों की शहादत को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। इस दुख की घड़ी में भारत सरकार व हरियाणा सरकार उनके परिवार के साथ है और हर संभव मदद को तैयार है।