मुख्यमंत्री ने रक्षा उत्पादों के उद्योग भी हरियाणा में स्थापित करने की रक्षा मंत्री से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रक्षा मंत्री से आईएमटी, रोहतक में बुलेट प्रूफ जैकेट बनाने से संबंधित प्रतिरक्षा परियोजना को भी जल्दी पूरा करवाने का आग्रह किया है।
सीएम ने राजनाथ सिंह से हिसार हवाई अड्डे के निकट एक स्पेशल अलॉय प्लांट स्थापित करने, वायु सेना के गुरुग्राम स्थित आयुध डिपो के चारों तरफ 300 मीटर क्षेत्र और फरीदाबाद में तिगांव के चारों ओर 100 मीटर के संरक्षित क्षेत्र के मुद्दों पर भी बातचीत की। उन्होंने इस क्षेत्र में बसे हुए घरों के लिए कानून पर आधारित व्यावहारिक दृष्टिकोण से समाधान करने पर जोर दिया।
दूसरी बार सीएम बनने के बाद मनोहर लाल ने नई दिल्ली में पहली बार राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद यह उनकी शिष्टाचार भेंट मानी जा रही है। उन्होंने हरियाणा के विधानसभा चुनाव और भविष्य में किए जाने वाले कामों के बारे में भी चर्चा की है।