गृहमंत्री अनिल विज ने पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जेल में रहकर चौटाला में नकारात्मकता आ गई है। इसलिए वह राजनीतिक हालातों का सही जायजा नहीं ले ले पा रहे हैं। विज ने केरल सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें नागरिकता संशोधन कानून पर किसी अच्छे वकील से सलाह लेनी चाहिए।
विवाद सरकार चलाने में बाधक: हुड्डा
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सीएम और गृह मंत्री के बीच विवाद से सरकार चलाने में बाधा आती है। यह सरकार का अंदरूनी मामला है, लेकिन इस तरह की बातें पब्लिक में नहीं आनी चाहिए। गठबंधन सरकार में विचारों की कोई समानता नहीं है। सरकार ने अब तक अपना काम तक शुरू नहीं किया है।
कॉमन मिनिमम प्रोग्राम का अता पता नहीं। सरकार ने अपनी दिशा नहीं दिखाई है। गरीब, किसान समेत हर वर्ग प्रदेश में परेशान है। इन्हीं कारणों के चलते जो प्रदेश नंबर वन हुआ करता था, वह आज प्रति व्यक्ति आय और निवेश में पंजाब से भी पीछे होते हुए 18वें नंबर पर है। सरकार में अता पता ही नहीं कि किसकी चल रही है, नंबर वन और नंबर दो की बात तो बाद में आती है।
गृह मंत्री को तो पता हो किसके फोन हो रहे टेप
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कहा है कि प्रदेश में किसके फोन टेप हो रहे हैं इसके बारे में गृहमंत्री को तो जानकारी होनी चाहिए। गृह सचिव के आदेश पर फोन टेप होते हैं, अगर गृहमंत्री को नहीं पता है तो दाल में कुछ काला है। फोन टेपिंग मामले में अगर गृह मंत्री को भी संदेह है तो विपक्ष कैसे संदेह से बाहर हो सकता है।