मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी जींद उपचुनाव में हुंकार भरेंगे, लेकिन उससे पहले वह प्रयागराज कुंभ में डुबकी लगाएंगे। इसके लिए सीएम 19 से 22 जनवरी तक यूपी और गुजरात के दौरे पर जा रहे हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री 22 जनवरी को प्रयागराज कुंभ में डुबकी लगाएंगे।
इससे पहले वह 21 जनवरी को बनारस में काशी विश्वनाथ के दर्शन के साथ ही प्रवासी भारतीयों के एक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सीएम 19 जनवरी को गुजरात के अहमदाबाद में स्टैच्यू आफ यूनिटी का अवलोकन करने के साथ ही वहां बनने वाले हरियाणा भवन का शिलान्यास भी करेंगे।
20 जनवरी को मुख्यमंत्री गांधीनगर में होने वाले उद्योग समिट में हिस्सा लेंगे। यहां वह जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ हरियाणा में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं पर बातचीत करेंगे। 21 जनवरी को गुजरात से सीधे बनारस पहुंचेंगे और अप्रवासी भारतीयों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
बनारस के बाद मुख्यमंत्री 22 जनवरी को प्रयागराज जाएंगे और वहां स्नान के बाद धर्माचार्यों से मुलाकात करेंगे। उल्लेखनीय है गुजरात में सरदार पटेल की स्टैच्यू आफ यूनिटी के पास बसने वाले शहर में हरियाणा भवन बनाने का प्रस्ताव गुजरात सरकार ने दिया था। जिसके चलते सीएम अब इस भवन का शिलान्यास करेंगे।