हरियाणा सरकार प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों का मान-सम्मान के साथ भव्य स्वागत करेगी। खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने गुरुवार को कुश्ती व हॉकी में भारत के रजत व कांस्य पदक जीतने पर यह घोषणा की। हॉकी टीम में दो खिलाड़ी हरियाणा के हैं, जबकि पहलवान रवि दहिया भी सोनीपत के हैं।
गुरुवार को कुश्ती और हॉकी में ओलंपिक पदक जीतने के बाद हरियाणा के खिलाड़ियों को बधाई देने वालों का तांता लग गया। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा व खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने पदक जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पूर्व हॉकी कप्तान संदीप सिंह ने रजत पदक जीतने पर रवि दहिया को बधाई देते हुए कहा कि उनकी जीत देश का मान बढ़ाने वाली है। यह परिजनों की प्रेरणा का परिणाम है। हॉकी के लिए 41 साल बाद स्वर्णिम दौर आया है। इसका पूरा श्रेय हर उस खिलाड़ी को जाता है जिसने अंतिम पल तक देश के लिए संघर्ष किया। अब हॉकी खिलाड़ियों को पीछे मुड़कर देखने की जरूरत नहीं है। यहां से हॉकी टीम को आगे की तरफ बढ़ना है।
गिरते हैं शहसवार ही मैदान-ए-जंग में: विज
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि गुरुवार का दिन भारत के लिए बहुत अच्छा रहा। सुबह हॉकी में कांस्य पदक जीता और दोपहर बाद कुश्ती में रजत पदक जीत लिया। उन्होंने कहा कि गिरते हैं शहसवार ही मैदान-ए-जंग में, वो तिफ्ल क्या गिरे जो घुटनों के बल चले। अन्य खिलाड़ियों से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। विजेता खिलाड़ी जैसे ही देश की धरती पर पैर रखेंगे, उन्हें पुरस्कार राशि दे दी जाएगी।
दहिया, हॉकी टीम को बधाई, कुश्ती में और पदक की उम्मीद: हुड्डा
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ओलंपिक खेलों में रजत पदक जीतने पर पहलवान रवि दहिया को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि कुश्ती में और पदक आने की उम्मीद है। हुड्डा ने रवि दहिया का फाइनल मुकाबला खेल मैदान में लोगों के साथ बैठकर देखा। उन्होंने कहा कि रवि दहिया का प्रदर्शन रोमांचित करने वाला था। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने उच्चतम श्रेणी का प्रदर्शन किया। देश और प्रदेश को रवि दहिया पर गर्व है। हॉकी टीम भी बधाई की पात्र है। इससे राष्ट्रीय खेल के उज्जवल भविष्य की नींव पड़ेगी। हुड्डा ने नीरज चोपड़ा से स्वर्ण पदक की उम्मीद जताई है।