मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार शाम को जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी रैलियां कीं। सबसे पहले वे रादौर में पहुंचे वहां के निर्माणाधीन नगरपालिका स्टेडियम में रैली की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच वर्षों के कार्यकाल में किसानों को प्रभावित फसलों का 3600 करोड रूपये मुआवजा देने का काम किया। जबकि हुड्डा सरकार ने मात्र 200 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया था।
भाजपा ने प्रदेश के बेरोजगारों को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दीं, तो दलाल और कमीशन एजेंट बेरोजगारी का मुद्दा उठाने लगे। हमने योग्य उम्मीदवारों को बिना खर्ची और पर्ची के नौकरी दीं हैं, लेकिन दलालों को बेरोजगार करने का काम किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने जगाधरी की पुरानी अनाज मंडी में चुनावी रैली की। यहां मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पार्टियों में भगदड़ है और नेता बीजेपी में आना चाहते हैं, लेकिन हमने अब फिल्टर लगा दिया है। ताकि कोई गलत आदमी पार्टी में ना घुस जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पार्टी रिश्तेदारों का घर भरने वालों की नहीं है। प्रदेश के ढाई करोड़ लोग उनका परिवार है।
इसके बाद रात पौने नौ बजे वे पेपर मिल ग्राउंड में पहुंचे और यहां यमुनानगर विधानसभा चुनाव की रैली को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लाइसेंस पहले कई करोड़ रुपये में मिलता था, अब सरकार ने ऐसा पारदर्शिता सिस्टम बनाया जिससे बीस लाख की असली कीमत में लाइसेंस मिलने लगा।
उद्यमियों को किसी दलाल या कमीशनखोर व्यक्ति के पास जाने की जरूरत नहीं है। सारे काम ऑनलाइन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता के आशीर्वाद से 75 से ज्यादा विधानसभा की सीटें जीतने जा रही है। इन रैलियों में अंबाला के सांसद रतनलाल कटारिया, कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी, सभी प्रत्याशी समेत काफी संख्या में जनसमूह मौजूद रहा।