हरियाणा ने उत्तर प्रदेश से गुड़गांव, फरीदाबाद, पलवल, मेवात जिलों में सिंचाई के लिए गुड़गांव और आगरा कैनाल से अपने हिस्से का पानी मांगा है। साथ ही यमुना नदी पर ओखला बैराज पर लगी गेज का मुद्दा सुलझाने पर जोर दिया है।
दिल्ली में यूपी-हरियाणा के बीच यमुना नदी पर पुल बनाने के लिए दोनों सरकारों के बीच हुए समझौता अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ जल विवाद पर चर्चा की।
ओखला बैराज पर गेज का मुद्दा सुलझे
हरियाणा सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री हुड्डा ने अखिलेश यादव से कहा कि यमुना नदी पर ओखला बैराज पर लगी गेज का मुद्दा सुलझाया जाए। इस गेज के कारण हरियाणा को अपने हिस्से का पूरा पानी नहीं मिल रहा है।
नतीजतन फरीदाबाद, पलवल, मेवात और गुड़गांव जिलों में किसानों को सिंचाई के पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। गेज का मामला सुलझाया जाए ताकि किसानों को पूरा पानी मिल सके।
इसके अलावा गुड़गांव कैनाल और आगरा कैनाल से भी हरियाणा को अपने हिस्से का पूरा पानी दिया जाए ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके।
दूषित पानी के मसले पर बात हुई
सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सीएम अखिलेश यादव से दूषित पानी का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि जैसे ही पानी हरियाणा सीमा में प्रवेश करता है उसमें प्रदूषण की मात्रा काफी ज्यादा होती है।
जब यह पानी फरीदाबाद में पहुंचता है तो वह अधिक प्रदूषित होता है। उन्होंने कहा कि प्रदूषित पानी की वजह से किसानों की फसलों और उनके मवेशियों को बहुत नुकसान होता है इसलिए पानी में प्रदूषण कम करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।
विचार विमर्श कर मुद्दों को सुलझाया जाए
सीएम अखिलेश यादव ने जवाब में कहा कि उत्तर प्रदेश की अपेक्षा दिल्ली में गंदे नालों और औद्योगिक कचरे के कारण पानी में प्रदूषण ज्यादा है। उत्तर प्रदेश में पानी के प्रदूषण के स्तर में कमी लाने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।
उन्होंने बैठक में मौजूद उत्तर पद्रेश सरकार के अधिकारियों को यमुना ओखला बैराज पर पानी का गेज की समस्या दूर करने के लिए निर्देश दे दिए ताकि हरियाणा को उसके हिस्से का पूरा पानी मिल सके।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बीच मुद्दों को विचार-विमर्श करके सुलझा लिया जाएगा जिससे दोनों राज्यों के किसानों को फायदा होगा।
उन्होंने उमीद जताई कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा सरकार समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करेंगी।