एसवाईएल के मुद्दे को लेकर इनेलो ने 18 अगस्त को हरियाणा बंद का ऐलान किया है। वहीं 9 अगस्त को प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने की तैयारी भी है। विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता अभय चौटाला ने कहा कि 18 अगस्त को एसवाईएल को लेकर हरियाणा बंद किया जाएगा।
बंद के दौरान सरकारी व निजी वाहनों को नहीं रोका जाएगा, ताकि प्रदेश की आम जनता को परेशानी न हो। प्रदेश के व्यापारियों संगठनों की मदद से बाजारों को बंद किया जाएगा। चौटाला सोमवार शाम दिल्ली बाईपास के नजदीक जिलाध्यक्ष सतीश नांदल के कार्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
चौटाला ने एसवाईएल मुद्दे पर पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि 10 साल के कार्यकाल में हुड्डा ने कोई काम नहीं किया। प्रदेश में एसवाईएल का मुद्दा केवल इनेलो ने उठाया, जबकि हुड्डा ने 10 साल तक सरकार में इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं की।
विधानसभा में हुड्डा से सारे सवालों के जवाब लिए जाएंगे। बता दें कि पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा था कि इनेलो एसवाईएल पर केवल ड्रामा कर रही है। इस पर चौटाला ने कहा कि 9 अगस्त को एसवाईएल के मुद्दे को लेकर इनेलो की लीगल सेल प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर मांग पत्र देगी।
चुनाव नजदीक आते देख आई एसवाईएल की याद
चौटाला ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत, सांसद धर्मबीर व सांसद रमेश कौशिक को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। जो सांसद अपने हलके प्रदेश की जनता की आवाज नहीं उठा सकते, उन्हें पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है।
प्रदेश की जनता को पता चल चुका है कि सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने के चक्कर में चार साल तक प्रधानमंत्री से एसवाईएल को लेकर समय तक नहीं ले पाए। अब लोकसभा चुनाव नजदीक होते देख कर सांसद व मंत्रियों को एसवाईएल की याद आई है। राव इंद्रजीत उंगुली कटाकर शहीद होना चाहते हैं। चौटाला ने कहा कि भाजपा ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद भी एसवाईएल के लिए कुछ नहीं किया।
इस अवसर पर इनेलो युवा प्रदेशाध्यक्ष रविन्द्र सांगवान, कृष्ण कौशिक, डॉ. संदीप हुड्डा, राजेश सैनी, रविन्द्र बखेता, चांद सिंह, डॉ. नफे सिंह लाहली, संजय बल्हारा, इन्द्र सिंह ढुल, सौरभ फरमाणा, हरज्ञान ठेकेदार, बलवान सुहाग, डॉ. प्रेम सिंह हुड्डा, रामदहिया राठी, करतार सरपंच, यादराम सरपंच, रामचन्द्र भालौठ, ईश्वर, सत्यवान हुमायुपुर, अजय मलिक, जेपी भाली, ताजबीर शिमली भी मौजूद रहे। उधर, जिला परिषद सदस्य सतीश भालौठ को दोबारा से इनेलो में शामिल कर लिया गया है।