हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किसान आंदोलन के दौरान बढ़ रहे हिंसात्मक व अनैतिक मामलों विशेषकर महिलाओं के साथ हो रही घटनाओं की रिपोर्ट गुरुवार शाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सौंपी। मुख्यमंत्री नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री से मिले। उन्होंने दिल्ली की सीमा पर हरियाणा में चल रहे किसान आंदोलन के संदर्भ में विस्तार से चर्चा की। शाह ने मनोहर लाल को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
केंद्रीय गृहमंत्री से मुलाकात के बाद मनोहर लाल ने कहा कि किसान आंदोलन शांतिपूर्ण रूप से चले तो कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन, महिलाओं के साथ हो रही घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं। इनका स्थानीय विरोध भी हो रहा है। सरकार कानून एवं व्यवस्था को किसी भी स्थिति में बिगड़ने नही देगी। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री को घटनाओं के संदर्भ में अवगत करवाया है।
पानीपत निवासी के अपहरण की भी दी जानकारी
सीएम ने कहा कि किसानों को यह समझना होगा कि कानूनों में उनके हित की ही बातें हैं। इसलिए आंदोलन खत्म कर घर लौटें। माहौल को न बिगाड़ा जाए। महिलाओं के साथ अनैतिक घटनाओं को कोई बर्दाश्त नहीं करेगा। मनोहर लाल ने कहा कि पानीपत निवासी का विदेश में अपहरण और उसके लिए फिरौती मांगने के मामले में शाह से चर्चा की और कहा कि इस संबंध में वह केंद्र सरकार के अन्य मंत्रालयों से भी चर्चा करेंगे।
दिल्ली में नड्डा से विज ने की मुलाकात
उधर, हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा की जनता जानती है भाजपा सरकार ने काम किया है, हमें कांग्रेस से पूछने की जरूरत नहीं है । विज ने कहा कि हमने जो भी काम किया है वह जनता को बताया है। सरकार को कांग्रेस के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।
गुरुवार को दिल्ली में अनिल विज ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में ये बात कही। मुलाकात को लेकर विज ने कहा कि यह एक रूटीन मुलाकात थी। मिलना-जुलना लगा रहता है। हरियाणा में मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर विज ने कहा कि हमारी इस पर कोई बात अब तक नहीं हुई है।
किसान आंदोलन पर पर कहा कि एक किसान को पेट्रोल डालकर जला दिया गया, हमने उसके लिए एफआईआर दर्ज की है, धारा 302 भी लगा रहे हैं। जो भी कार्रवाई होगी वह की जाएगी। जो भी मामला सामने आया है, उसमें कार्रवाई की गई है।