हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार
- फोटो : amar ujala
भाजपा आलाकमान ने हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार के कामकाज की समीक्षा करने का मन बना लिया है। हालांकि 10 मई को चंडीगढ़ पहुंच रहे हरियाणा मामलों के प्रभारी डॉ. अनिल जैन के दौरा सरकार से फीडबैक लेने के लिए ही है, फिर भी माना जा रहा है कि डॉ. जैन जाट आरक्षण आंदोलन केबाद बदले हुए हालात के बीच प्रदेश सरकार की अंदरूनी और हालात से प्रभावित कर रही स्थितियों का जायजा लेंगे। डॉ. जैन चंडीगढ़ में प्रदेश से सभी मंत्रियों से वन टू वन मिलेंगे और संभव है कि सरकार की उपलब्धियों के अलावा सरकार के बीच चल रही गतिविधियों का विवरण भी हासिल करें।
जैन का दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि आरक्षण आंदोलन के बाद उपजे हालात केबीच प्रदेश मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें भी तेज हो चुकी हैं। मंत्रिमंडल के पिछले विस्तार में जहां रामबिलास शर्मा का कद घटा दिया गया था, वहीं इस बार उनका कद बढ़ाने के संकेत मिल रहे हैं। इसके अलावा अनिल विज को भी कुछ और विभाग दिए जा सकते हैं।
हाल ही में मुख्यमंत्री खट्टर ने दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की थी, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि बैठक में मंत्रियों के विभागों पर विचार-विमर्श किया गया। खास बात यह भी है कि इस बैठक में सीएम खट्टर के साथ रामबिलास शर्मा भी मौजूद थे। उम्मीद की जा रही है कि प्रदेश में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकता है।