हरियाणा और दिल्ली के सीएम मनोहर लाल व अरविंद केजरीवाल की वायु प्रदूषण के निदान को लेकर पहली बैठक भले सकारात्मक रही हो लेकिन हरियाणा के बेबाक स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज आग उगलने से नहीं चूके। विज ने तल्ख लहजे में केजरीवाल को न केवल आइना दिखाया, बल्कि उन्हें गंभीर मुद्दों पर भी शोर मचाने वाला करार दिया।
विज ने चंडीगढ़ में अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में कहा कि केजरीवाल बेवजह शोर मचाते हैं। पराली तो एक माह जलती है। 11 महीने दिल्ली में प्रदूषण कहां से आता है। इस बार तो हरियाणा में पराली जलाने के मामलों में 40 फीसदी तक कमी आई है। ऐसी कौन सी हवाएं हैं जो चारों ओर से बहती हुईं दिल्ली में आकर थम जाती हैं। केजरीवाल चिल्लाने के बजाये अगर दिल्ली के वाहनों और उद्योगों के प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए प्रयास करें तो वायु प्रदूषण की समस्या अपने आप खत्म हो जाएगी। उन्हें दिल्ली पर फोकस करने की जरूरत है।
अमरिंदर को भी करनी चाहिए थी बातचीत
उन्होंने कहा कि सीएम मनोहर लाल की केजरीवाल के साथ बैठक शिष्टाचार का हिस्सा है। उनकी राय में पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर को भी बातचीत करनी चाहिए थी, उसमें हर्ज क्या है।
‘गांधी परिवार ने देश तोड़ा, सांप्रदायिकता की जड़ भी कांग्रेस’
Haryana Minister Anil Vij
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के खेल एवं युवा मामलों व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि मेरे मन और जेहन में कांग्रेस व गांधी परिवार को लेकर यूं ही नाराजगी नहीं है। कांग्रेस की कार्यप्रणाली ही ऐसी रही, जिससे देश को हमेशा नुकसान ही झेलना पड़ा। देश तोड़ने से लेकर सांप्रदायिकता तक, घोटालों से लेकर कश्मीर समस्या तक सब कुछ कांग्रेस और गांधी परिवार की ही देन है। मंत्री विज बुधवार को ‘अमर उजाला’ के संवाद कार्यक्रम में पहुंचे थे।
इस दौरान एक सवाल पर अचानक गांधी परिवार व कांग्रेस पर भड़क गए। मंत्री अनिल विज से जब पूछा गया कि आखिर क्यों अमूमन उनका हर ट्वीट और बयान गांधी परिवार व कांग्रेस पर तीखा प्रहार करता है, उनके मन में गांधी परिवार और कांग्रेस के प्रति इतनी कड़वाहट क्यों है?
कांग्रेस और गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए विज ने साफ कहा कि गांधी परिवार ने ही देश तोड़ा और आज भी सांप्रदायिकता की जड़ कांग्रेस ही है। विज ने कहा कि कांग्रेस ने पहले धर्म के नाम पर 1947 में देश को बांटा। इतना बड़ा नरसंहार हुआ, जिसे याद कर आज भी रूह कांप जाती है। उनके अनुसार यदि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को देश का पहला प्रधानमंत्री बनाया जाता तो बंटवारा रुक सकता था।
Haryana Minister Anil Vij
- फोटो : अमर उजाला
विज ने कहा कि उस वक्त देश की जनता चाहती थी कि पटेल देश के पहले प्रधानमंत्री बने, लेकिन महात्मा गांधी ने नेहरू प्रेम दिखाते हुए उन्हे पीएम बना दिया और धर्म के नाम पर हिंदुस्तान का बंटवारा कर दिया गया।
विज ने कहा कि उसके बाद कांग्रेस ने 1984 में फिर से धर्म के नाम पर हिंदू - सिख दंगा करवाकर भाईचारे को बिगाड़ने का काम किया। आज भी कांग्रेस का अब्दुल्ला प्रेम और अब्दुल्ला का पाकिस्तान प्रेम की वजह से कश्मीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कश्मीर समस्या भी कांग्रेस की ही देन है।
विज ने कहा कि आज देश में जितने भी बड़े घोटाले हुए हैं, वह भी कांग्रेस की ही देन है। वर्ष 2004 से वर्ष 2014 में देश में कई घोटाले कांग्रेस के ही नाम रहे। आज जब भाजपा देश हित में काम कर रही है, तो भी कांग्रेस देश के विकास में रोड़ा बनने के काम में जुटी है।