हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत 20 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगी। 26 फरवरी को वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु बजट पेश करेंगे। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद उसकी प्रतियां सदन की मेज पर रखी जाएंगी। उसके बाद देश के शहीद सैनिकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को हरियाणा विधानसभा श्रद्धांजलि देगी। हरियाणा विधानसभा की ओर से बजट सत्र का अस्थायी कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
इसके अनुसार सत्र 20 फरवरी से पांच मार्च तक चलेगा। 23-24 फरवरी और 2,3 व चार मार्च को अवकाश रहेगा। कार्यक्रम के अनुसार हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु 26 फरवरी को मनोहर लाल सरकार का अंतिम बजट सुबह दस बजे पेश करेंगे। हालांकि, सत्र की अधिकारिक अवधि पर अंतिम मुहर बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में 20 फरवरी को सत्र शुरू होने से पहले ही लगेगी। अभी तक यही चलन रहा है कि सरकार व विधानसभा की ओर से तय कार्यक्रम पर ही बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में मुहर लगती रही है।
विधानसभा की ओर से जारी कार्यक्रम में प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 13 हजार से अधिक गेस्ट टीचर्स की नौकरी सुरक्षित करने संबंधी विधेयक का साफ-साफ कोई जिक्र नहीं है। पांच मार्च को सत्र के अंतिम दिन 2018-19 के अनुपूरक अनुमान की तीसरी किश्त हरियाणा विनियोग विधेयक और 2019-20 के बजट अनुमानों संबंधी हरियाणा विनियोग विधेयक का ही जिक्र है। कार्यक्रम में विधान कार्य व कई अन्य कार्य भी करने की प्रस्तावना की गई है।
राज्यपाल के भाषण पर 22 फरवरी से चर्चा शुरू होगी, जबकि वित्त मंत्री का जवाब पहली मार्च को आएगा। भाजपा सरकार के अंतिम सत्र के बेहद हंगामेदार रहने की संभावना है। चूंकि, विपक्ष और सत्ता पक्ष में अनेक मुद्दों पर गर्मागर्मी होना तय है।