हरियाणा सरकार ने किसानों को दो बड़ी सौगातें दी हैं। गन्ने के रेट में दस रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है, जबकि गेहूं की बिजाई के सीजन में किसानों को आठ के बजाए दस घंटे कृषि मीटर पर बिजली आपूर्ति होगी। लाडवा को सरकार ने एसडीएम कार्यालय का तोहफा दिया है। तहसील कार्यालय यहां पहले से क्रियाशील है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बुधवार को विधानसभा में इसकी घोषणा की। गन्ने के भाव में 10 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी से किसानों को 86 करोड़ रुपये का लाभ होगा। हरियाणा में देश में इस समय गन्ने का सरकारी रेट सबसे अधिक 320 रुपये प्रति क्विंटल है। गेहूं बिजाई के लिए किसानों को अतिरिक्त बिजली देने का निर्णय लिया है।
15 नवंबर तक बिजली की सप्लाई 8 घंटे से बढ़ाकर 10 घंटे कर दी गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 110 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करने पर आभार जताया। सीएम ने कहा कि लाडवा तहसील को सब डिविजन का दर्जा दिया गया है।
स्वर्ण जयंती वर्ष के दौरान गांवों के नाम बदले गए हैं। यमुनानगर के मुस्तफाबाद का नाम सरस्वती नगर, फरीदाबाद के गंदा गांव का नाम अजीत नगर और हिसार के गांव किन्नर का नाम गैबीपुर किया गया है। हिसार के चमारखेड़ा गांव का नाम सुंदरखेड़ा, रोहतक में गढ़ी सांपला को चौधरी छोटू राम नगर और पंजोखरा को पंजोखरा साहिब के नाम से बदलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
सीएम ने कहा कि हरियाणा परिवहन की बसों में 60 वर्ष से ऊपर की महिलाओं और 65 वर्ष से ऊपर के पुरुषों को किराए में 50 प्रतिशत छूट बरकरार है। अगर किसी अधिकारी ने कोई शरारत की है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।