हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के लिए प्रेस गैलरी सेक्टर-3 स्थित हरियाणा निवास में रहेगी। सभी मीडियाकर्मी वहीं से मानसून सत्र को कवर करेंगे। कोरोना के कारण ऐसा किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने मंगलवार प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में योजना बनाई।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के महानिदेशक पीसी मीणा, विस उपाध्याय रणबीर गंगवा, विस अध्यक्ष के सचिव सुभाष चंद शर्मा, हरियाणा विधानसभा के मीडिया एवं संचार अधिकारी दिनेश कुमार सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने पत्रकारों से हुई बातचीत के आधार पर मीडिया गैलरी विधानसभा परिसर से बाहर बनाने का सुझाव दिया। विधानसभा में प्रवेश के लिए कोविड 19 की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य कर दी गई है। बैठक में सुझाव आया कि सत्र की कवरेज करने वाले प्रत्येक मीडिया कर्मी को कोरोना टेस्ट करवाने के लिए बाध्य करना ठीक नहीं है।
इसलिए यह रास्ता निकाला गया कि मीडिया गैलरी विधानसभा परिसर से बाहर स्थापित की जाए। अधिकारियों ने सुझाव दिया कि इसके लिए हरियाणा निवास उपयुक्त जगह रहेगी। हरियाणा निवास के दोनों सभागार इस प्रयोजन के लिए बुक करवाए जाएंगे। इस स्थान को सत्र अवधि तक विधान सभा परिसर घोषित किया जाएगा। एक सभागार प्रिंट मीडिया के लिए व दूसरा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए निर्धारित होगा।