मंत्री कविता जैन ने भी किया नामांकन
- फोटो : अमर उजाला
इसके बाद लक्ष्य गर्ग ने पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम सुरजीत नैन को सौंपा। इस अवसर पर उनके साथ पार्टी नेता एडवोकेट सुशील बिश्नोई भी उपस्थित थे। नामांकन भरने के बाद लक्ष्य गर्ग ने पुराना बस स्टैंड के पास स्थित अपने चुनावी कार्यालय का पूजा अर्चना कर विधिवत उद्घाटन किया।
रतियाः जरनैल सिंह ने कांग्रेस से दाखिल किया नामांकन
पूर्व विधायक जरनैल सिंह आखिरकार कांग्रेस की टिकट लाने में कामयाब रहे। जरनैल सिंह ने गुरुवार को पांचवीं बार विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन भी दाखिल कर दिया। इससे पहले वे चार बार विस चुनाव लड़ चुके हैं और दो बार जीत भी हासिल कर चुके हैं। 2 जुलाई 1961 में जन्मे 58 वर्षीय जरनैल सिंह ने अपना राजनीतिक सफर 1987 में शुरू हुआ था।
तब उन्होंने भजनलाल के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की थी। उसके बाद वह इनेलो में आ गए और 2000 में इनेलो की टिकट से पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ा और पहले विधानसभा चुनाव में ही रतिया के विधायक चुने गए। हालांकि 2004 में उन्हें इनेलो का टिकट नहीं मिला तो उसके बाद जरनैल सिंह ने हजकां ज्वाइन कर ली व बाद में 2008 में भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस में शामिल हो गए व 2009 में कांग्रेस पार्टी ने जरनैल सिंह को टिकट दी और दूसरी बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे जरनैल सिंह इनेलो के ज्ञान चंद ओड से हार गए।
2011 में ज्ञान चंद ओड के निधन के बाद हुए रतिया उपचुनाव में एक बार फिर कांग्रेस पार्टी की टिकट पर जरनैल सिंह ने तीसरा विधानसभा चुनाव लड़ा और इनेलो पार्टी की सरफी देवी को हराकर दूसरी बार विधायक चुने गए व हुड्डा सरकार में हरियाणा एग्रो का चेयरमैन नियुक्त किए गए। 2014 के आम चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने उन्हें तीसरी बार फिर टिकट दी लेकिन अपने चौथे विधानसभा चुनाव में जरनैल सिंह हार गए व तीसरे स्थान पर रहे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने पर्चा भरा
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस को देश से साफ करना बहुत जरूरी है। क्योंकि कांग्रेस की नीतियों से ही देश में आतंकवाद पनपा और कश्मीरियों को अपना क्षेत्र छोड़ना पड़ा। ये कहना है भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन का। वे गुरुवार को यमुनानगर में बीजेपी प्रत्याशी घनश्याम दास अरोड़ा का नामांकन करवाने के लिए पहुंचे थे।
यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में विपक्ष बिखर कर खत्म हो चुका है। इनेलो और जेजेपी को उम्मीदवार नहीं मिल रहे। जबकि कांग्रेस को इस विधानसभा चुनाव में जनता निपटा देगी और प्रदेश में फिर से रिकॉर्ड तोड़ बहुमत से बीजेपी सरकार बनेगी।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री रतनलाल कटारिया ने कहा कि हरियाणा से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा। बीजेपी का 75 पार का नारा है, लेकिन इससे ज्यादा सीट हासिल होंगी। इससे बाद बीजेपी प्रत्याशी घनश्याम अरोड़ा ने रादौर रोड स्थित देवी मंदिर में पूजा अर्चना करके और महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर फूल चढ़ा कर रोड शो की शुरुआत की।
रतिया से अकाली दल के कुलविंदर ने भरा नामांकन
इनेलो और अकाली दल के गठबंधन के बाद रतिया सीट अकाली दल के खाते में आई है और अकाली दल ने यहां से कुलविंदर सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। गुरुवार सुबह अकाली दल के अध्यक्ष एवं पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में कुलविंदर सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया।
इससे पहले रतिया के टोहाना रोड पर अकाली उम्मीदवार के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। सुखबीर बादल ने कहा कि भाजपा ने जो हरियाणा के लोगों से चुनावी वादे किए थे उन्हें पूरा नहीं किया। जिस कारण हरियाणा के लोगों में भाजपा के प्रति रोष है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जो लहर हरियाणा में बनी हुई थी, वह अब खत्म हो चुकी है और हरियाणा में बीजेपी सरकार आने के आसार खत्म हो गए हैं।
7वें दिन रतिया विधानसभा क्षेत्र से 5 नामांकन आए
वही रतिया के उपमंडलाधीश एवं रिटर्निंग ऑफिसर सुरेंद्र सिंह बेनीवाल ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2019 नामांकन प्रक्रिया के सातवें दिन रतिया विधानसभा क्षेत्र से सीपीआई से हैप्पी कुमार, बहुजन समाज पार्टी से बलवान सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जरनैल सिंह, शिरोमणि अकाली दल से कुलविंदर सिंह व आरएमपीआई से सुखचैन सिंह ने अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।
मिड्ढा, प्रेमलता और संतोष दनौदा समेत 17 उम्मीदवारों ने किया नामांकन
विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन के लिए अब महज एक दिन बचा है। गुरुवार को नामांकन भरने वालों की काफी भीड़ लगी रही। भाजपा प्रत्याशियों ने जींद, उचाना व नरवाना विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया। वहीं जेजेपी के तीन, बसपा के दो उम्मीदवारों ने नामांकन भरा। नामांकन के चलते गुरुवार को लघु सचिवालय व डीआरडीए में सुरक्षा व्यवस्था काफी चौकस रही।
भजनलाल के युग में हुई हरियाणा में भ्रष्टाचार की शुरूआत : बाल्यान
भाजपा उम्मीदवार डॉ. कृष्ण मिड्ढा का नामांकन भरवाने पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजीव बाल्यान ने कहा कि जींद के साथ पहले की सरकारों ने न्याय नहीं किया। उन्होंने कहा कि पांच साल पहले हरियाणा में भ्रष्टाचार होता था। इसके चलते विदेश में भी उन्हें इसे महसूस करना पड़ता था। हरियाणा में भ्रष्टाचार की शुरूआत भजनलाल के युग में हुई। इसके बाद यह इनेलो से होती हुई बढ़ती चली गई। मोनहर की सबसे बड़ी उपलब्धि हरियाणा से भ्रष्टाचार का खात्मा है। इसके साथ ही परिवारवाद को भी खात्मा किया है।
छह ने भरा नामांकन
गुरुवार को छह उम्मीदवारों ने नामांकन भरा। रिटर्निंग अधिकारी राजेश कोथ ने कहा कि भाजपा उम्मीदवार प्रेमलता, बसपा उम्मीदवार समरजीत उर्फ बिल्लू, जजपा उम्मीदवार के कवरिंग उम्मीदवार विश्ववीर नंबरदार, आजाद उम्मीदवार के तौर पर कर्मबीर बधाना, जयप्रकाश, रविंद्र ने नामांकन भरा। अब तक आठ नामांकन पत्र भरे जा चुके हैं।
सफीदों से छह ने भरा नामांकन
सफीदों विधानसभा क्षेत्र से गुरुवार को छह उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। सफीदों विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम मनदीप कुमार ने बताया कि कांग्रेस से सुभाष देशवाल ने अपना नामांकन भरा है। कांग्रेस से कवरिंग उम्मीदवार के रूप में गांगोली निवासी बलकेश ने आवेदन किया है। आजाद उम्मीदवार के रूप में लुदाना निवासी राजबीर सिंह और कवरिंग कंडिडेट के रूप में लुदाना निवासी रितु वत्स ने नामांकन किया है। भाजपा से बच्चन सिंह आर्य ने नामांकन किया। लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी से सफीदों के वार्ड छह निवासी विजय ने नामांकन किया।
भाजपा प्रत्याशी संतोष दनौदा ने किया नामांकन
भाजपा प्रत्याशी संतोष दनौदा ने गुरुवार को अपना पर्चा भरा। इस मौके पर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला व सांसद सुनीता दुग्गल मौजूद रहीं। सुभाष बराला ने दावा किया कि नरवाना समेत जींद जिले के सभी प्रत्याशी भारी मतों से विजयी होंगे। इस मौके पर जोरा सिंह बडनपुर, अनिल जिंदल, उपेंद्र गर्ग, जगदीश पांचाल, ईश्वर गोयल, भगवानदास गर्ग, विकेश तागरा मौजूद रहे।