लाडवा में नितिन गडकरी ने की रैली
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा में मनोहर लाल के नेतृत्व में देश व हरियाणा तेजी से चहुमुखी विकास कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कांग्रेस को उनके लगभग 70 साल के शासनकाल में सही नेतृत्व नहीं मिला, जिससे न तो देश तरक्की कर सका और न ही किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम मिल सका और किसानों की आर्थिक हालत सुधरने की बजाय और बिगड़ती चली गई।
उन्होंने कहा कि वह खुद एक किसान हैं और उनकी तीन चीनी मीलें हैं। उन्होंने कहा कि वह जिस क्षेत्र से सांसद है वहां उन्होंने ऐसे प्रोजेक्ट लगा दिए हैं, जिससे पराली व गन्ना आदि से एथेनॉल निकालकर उससे ट्रक, बसें, बाइक व कारें आदि चलाई जा रही हैं।
देश में 70 हजार करोड़ रूपए के विकास कार्य चल रहे हैं। हरियाणा में भी चार हाईवे मंजूर किए गए हैं। जिससे हरियाणा की तस्वीर और तकदीर ही बदल जाएगी। भाजपा प्रत्याशी डॉ. पवन सैनी द्वारा बाईपास की मांग पर उन्होनें जनता से अनुरोध किया कि वह डॉ. पवन सैनी को भारी बहुमत से जीताकर भेजें आपकी सारी समस्याएं हल कर दी जाएंगी।
इस अवसर पर पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, धर्मबीर मिर्जापुर, पूर्व मंत्री देवेन्द्र शर्मा, पूर्व विधायक साहब सिंह सैनी, परमजीत कौर कश्यप, सुरेश कश्यप, नपा प्रधान साक्षी खुराना, डॉ. गणेश दत्त सहित अन्य उपस्थित रहे।
पराली से किसान बायो सीएनजी बनाकर पैसा कमाए
गडकरी ने किसानों को पराली जलान के बजाय इससे बायो सीएनजी बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बायो सीएनजी से ट्रैक्टर चलाकर प्रत्येक किसान साल में 50 हजार रुपये की बचत कर सकते हैं। इससे प्रदूषण भी समाप्त होगा और किसानों को पराली बेचकर एक हजार रुपये प्रति टन मुनाफा होगा।