गुरुग्राम में भी ऐसा ही हुआ, जमीन अधिगृहीत की 15 फर्मों को दे दी। अब हुड्डा कोर्ट के चक्कर लगा रहे हैं। हुड्डा ने बड़े परिवार के दामाद को संपत्ति दिलाने का काम किया। हुड्डा के आशीर्वाद से 25-25 लाख रुपये लगाओ और कंपनी का 700 करोड़ का टर्नओवर पाओ। ऐेसे चलती थी पहले सरकारें। उन्होंने कहा कि हुड्डा यह भी बता दें कि कांग्रेस ने सरदार पटेल की अनदेखी क्यों की।
पटेल के निधन के बाद उन्हें भारत रत्न दिया गया। उस दौरान जितनी भी रियासतों को सरदार पटेल ने संभाला उनमें से किसी पर कोई विवाद नहीं, लेकिन जम्मू-कश्मीर की रियासत नेहरू के जिम्मे थी विवाद आज तक बना हुआ था। बेरोजगारी के सवाल पर रवि शंकर ने कहा कि ईपीएफ में 2.54 करोड़ लोग नए जुडे हैं, क्या ये बेरोजगारी है। जो भी देश में बेरोजगारी बता रहा है, उसके पास गलत आंकड़े हैं। मुद्रा लोन योजना के तहत युवाओं को रोजगार शुरू करने के लिए लोन दिए हैं।
हुड्डा पहले कहते थे आरोपों की जांच करवा लो, अब करवा रहे हैं तो कह रहे रुकवा दो
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि पहले हुड्डा अपने ऊपर लगे आरोपों पर कहते थे कि मेरे खिलाफ कोई भी जांच करवा लें, मैं हर जांच के लिए तैयार हूं। जब जांच चली तो कोर्ट में वकीलों को कहते फिरते हैं कि इस मामले को रोको। साफ इशारों में सीएम ने कहा कि ‘अब नहीं चलेगा कोई खेल, तुम्हारा इंतजार कर रही है जेल’।
वे गुरुवार को गढ़ी सांपला-किलोई हलके से भाजपा प्रत्याशी सतीश नांदल की ओर से सांपला में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार को मिटाने का संकल्प आज कामयाब होता नजर रहा है। जिन लोगों ने भ्रष्टाचार किया है, उनसे एक-एक रुपया निकलवाकर रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा, हमने इस नारे में एक बात और जोड़ दी, न खाएंगे, न खाने देंगे और गलत ढंग से खाया है, उसे भी निकाल लेंगे।
सीएम ने कहा कि हुड्डा ने प्रदेश में 10 साल राज किया, लेकिन कभी भी पूरे प्रदेश को अपना नहीं समझा। उस समय विकास केवल उन हलकों में हुआ जहां उनकी पार्टी के विधायक थे, लेकिन भाजपा सरकार ने सभी 90 हलकों में बिना भेदभाव विकास कार्य करवाए हैं। हर हलके के लिए 5-5 करोड़ रुपये की ग्रांट जारी की।
हुड्डा कहते थे हलके में नहीं आएंगे, अब गांव-गांव घूम रहे
सीएम ने कहा कि प्रदेश में कई सीटों को हॉट सीट बताया जा रहा है। एक सीट करनाल भी बताई गई, जहां विपक्षी कह रहे हैं कि पर्चा भरने के बाद सीएम वहां गए ही नहीं। उन्होंने कहा कि मैं विपक्ष के लोगों को बता देना चाहता हूं कि म्हारे कार्यकर्ता वहां स्वयं मनोहर लाल बनकर काम कर रहे हैं। गढ़ी सांपला-किलोई की सीट भी हॉट है।
इशारों में सीएम ने कहा कि, पहले पूर्व सीएम हुड्डा कहते थे कि उनको हलके में जाने की जरूरत नहीं। अब पता चला है कि वे भी 5 या 6 गांवों में जा रहे हैं। उनका बेटा भी रोज गांवों में घूम रहा है, क्योंकि उसको पता है कि इस बार उसका मुकाबला सतीश नांदल और भाजपा से है। सीएम ने कहा कि अब हलके की जनता को तय करना है कि वे भ्रष्टाचार का समर्थन करते हैं या विरोध। उन्होंने कहा कि अगर गढ़ी सांपला-किलोई की जनता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को हराती है तो पूरे देश में यह मैसेज जाएगा कि इस बार किलोई की जनता ने भ्रष्टाचार मिटाने का संकल्प ले लिया है।
हमें मुल्क से प्यार करने वालों के साथ चलना होगा: शाहनवाज हुसैन
भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भागलपुर में दंगा कराने वाली कांग्रेस सोनीपत में सेक्यूलर कैसे हो जाती है। मुस्लिम समुदाय के प्रति कांग्रेस का यह संदिग्ध व्यवहार है, जिस पर हमें भरोसा करना छोड़ना होगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन गुरुवार को सोनीपत में ईदगाह कालोनी में भाजपा प्रत्याशी कविता जैन के लिए सभा कर रहे थे।
राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सच्चा मुसलमान केवल खुदा से डरता है, आज हमें मुल्क से प्यार करने वालों के साथ चलने का संकल्प लेना होगा, ताकि देश को आगे बढ़ाने में हमारा भी योगदान हो। उन्होंने कहा कि देश बदल रहा है। हरियाणा में पूर्व सरकारों के दौरान नौकरी जाति में बंटकर मिलती थी, जबकि मनोहर सरकार ने मेरिट पर आने वाले योग्य युवाओं को नौकरी देने का काम किया है।
हरियाणा में कांग्रेस सरकार करती थी प्रापर्टी डीलरी का कार्य: सीएम ठाकुर
हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अनुच्छेद 370 देश के तिरंगे के लिए अपमान थी लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे निष्क्रिय करके कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक देश एक झंडा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव दो निशान, दो संविधान व दो प्रधान का विरोधी करती थीं, लेकिन भाजपा की बात सुनी नहीं जाती थी, लेकिन आज 370 को खत्म करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतवासियों का सम्मान बढ़ाया है।
ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के विकास की गति देखकर मन को संतुष्टि मिलती है। पांच साल में मनोहर सरकार ने खूब विकास कराया, जबकि कांग्रेस सरकार प्रापर्टी डीलरी का कार्य करती थी। तब किसानों से सस्ते दामों पर जमीन खरीदकर महंगे दामों पर बेची जाती थी। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल की सरकार ने प्रदेश को पढ़ी लिखी पंचायतें दी, अध्यापकों का तबादला जो पहले व्यापार बन चुका था उसके लिए नीति बनाई, पांच साल में करीब 72 हजार नौकरियां भ्रष्टाचार मुक्त पारदर्शिता के साथ दी हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल देश के लिए एक रोल माडल बन चुके हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे भाजपा प्रत्याशियों को बड़ी जीत दिलाकर विधानसभा में भेजे। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले कृष्ण बेदी राज्यमंत्री थे और अब उससे बड़ी जिम्मेदारी देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता अपना सशक्त समर्थन देकर हरियाणा की ताकत व विकास के लिए भाजपा के 75 पार के नारे को सार्थक करें।