भाजपा प्रत्याशी रामबिलास शर्मा के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने पहुंची फिल्म अभिनेत्री व सांसद हेमा मालिनी अपने संबोधन की शुरूआत राधे-राधे से की जबकि समापन भारत माता की जयकारे के साथ की। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की योजनाओं की तारीफ करते हुए कहा कि आज देश में महिलाएं सुरक्षित हैं।
करीब चार घंटे के इंतजार के बीच जनसभा के बीच पहुंची हेमा मालिनी को देखने के लिए उनके प्रशंसकों का जमावड़ा लगा रहा। हालांकि भाजपा सांसद ने महज चार मिनट का ही संबोधन किया। उन्होंने कहा कि यहां से भाजपा प्रत्याशी रामबिलास शर्मा पिछले 40 वर्षों से लोगों की सेवा कर रहे हैं। ऐसे कद्दावर नेताओं का विधानसभा में पहुंचना जरूरी होता है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन सिंह मेघवाल ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए रामबिलास शर्मा को भारी मतों से जिताने की अपील की। रामबिलास शर्मा केवल हरियाणा के ही नेता नहीं है अपितु वे पड़ोसी राज्यों में भी अपना प्रभाव रखते हैं। भाजपा प्रत्याशी रामबिलास शर्मा ने कहा कि भाजपा की दूसरी पारी में वह महेंद्रगढ़ को विकास के मामले में एक नंबर पर ला देंगे। अगली सरकार बनने पर इन कार्यों के संपन्न हो जाने से इस क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी।