हरियाणा विधानसभा चुनाव में दो साल से भी कम समय बचा है। ऐसे में नेताओं के बीच पुराने हिसाब-किताब की जुबानी जंग नए सिरे से तेजी पकड़ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री के गढ़ में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने कहा है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के लिए हथकड़ी तैयार है और वह खुद उन्हें जेल तक छोड़ कर आएंगे। इसके जवाब में हुड्डा ने पलटवार किया कि अभय पहले अपनी खैर मनाएं, क्योंकि वह खुद चार्जशीटेड हैं और उनके भाई जेल में हैं।
इनेलो की सरकार आने पर लेंगे पाई-पाई का हिसाब
नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि हुड्डा के जेल जाने की तैयारी हो चुकी है। उनके लिए हथकड़ी तैयार है। वह खुद हुड्डा को जेल के गेट तक छोड़कर आएंगे।
दिल्ली बाईपास स्थित इनेलो के जिला अध्यक्ष सतीश नांदल के कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में अभय चौटाला ने कहा कि इस वक्त कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कोई अस्तित्व नहीं है। हुड्डा किसी भी वक्त नई पार्टी का एलान कर सकते हैं। इनेलो सरकार आने पर पाई पाई का हिसाब लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि ओम प्रकाश चोटाला और अभय चौटाला को भर्ती घोटाले में जेल भेजा गया था। हुड्डा सरकार के समय इस मामले की जांच हुई थी।
आपका क्या होगा जनाबेआली
अभय चौटाला के बयान पर पूर्व सीएम ने शनिवार को तीखी प्रतिक्रिया दी। हुड्डा ने कहा कि अभय चौटाला मेरे बारे में कुछ कहने से पहले खुद को देख लें। वह चार्जशीट हैं और उनके भाई जेल के अंदर हैं। बेहतर होगा वह अपने विषय में पहले सोच लें।