हरियाणा विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन जाट आंदोलन को लेकर बवाल हो गया। इसके चलते स्पीकर को आधे घंटे के लिए सदन स्थगित करना पड़ा। वहीं स्पीकर कंवरपाल गुर्जर को मामला सुलझाने के लिए विपक्षी नेताओं को अपने चेंबर में बुलाना पड़ा।
दरअसल, शून्य काल के दौरान इनेलो के अभय चौटाला ने जाट आंदोलन का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार पर गंभीर न होने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा कराए जाने की मांग की। काम रोक प्रस्ताव कांग्रेस के रघुबीर कादियान और जय प्रकाश की ओर से दिया गया था।
स्पीकर ने नियम 68 का हवाला देकर स्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। स्पीकर ने कहा कि जाटों का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए इस मुद्दे पर चर्चा नहीं कराई जा सकती। इससे नाराज विपक्ष के नेताओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा इतना बढ़ गया कि सदन स्थगित करना पड़ा और नेताओं को विचार विमर्श के लिए बुलाना पड़ा।