चंडीगढ़। विकेटकीपर बल्लेबाज हार्विक देसाई के शानदार दोहरे शतक की बदौलत सौराष्ट्र ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-बी मुकाबले के दूसरे दिन चंडीगढ़ के खिलाफ मजबूत स्थिति बना ली।
सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में सौराष्ट्र ने पहली पारी में 453 रन पर 3 विकेट घोषित कर दिए। इससे पहले चंडीगढ़ को पहली पारी में 136 रन पर समेटने के बाद सौराष्ट्र के बल्लेबाजों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की। हार्विक देसाई ने नाबाद 200 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 21 चौके और एक छक्का शामिल रहा। देसाई को जय गोहिल (98) और अर्पित वसावड़ा (96) का बेहतरीन साथ मिला।
चंडीगढ़ के गेंदबाजों ने विकेट निकालने के लिए गेंदबाजी में लगातार बदलाव किए, लेकिन सफलताएं काफी अंतराल के बाद ही मिलीं। जगजीत सिंह संधू, कार्तिक सांडिल और रोहित धांडा को एक-एक विकेट से संतोष करना पड़ा। दिन का खेल समाप्त होने तक चंडीगढ़ ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 31 रन बना लिए थे, हालांकि टीम अभी भी सौराष्ट्र से 286 रनों से पीछे है।