चंडीगढ़। हेरिटेज टेबल पीयू से बाहर ले जाने के मामले में कई लोगों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। सोमवार को जांच कमेटी ने टेबल का नमूना लिया। कमेटी बताएगी कि यह टेबल हेरिटेज है या नहीं। जानकार कहते हैं कि टेबल हेरिटेज है। इसी माह में जांच रिपोर्ट वीसी प्रो. राजकुमार को सौंपी जाएगी और कार्रवाई शुरू हो जाएगी। बताया जाता है कि वार्डन समेत छह लोगों पर कार्रवाई हो सकती है।
इसको लेकर सोमवार को वीसी कार्यालय में बैठक हुई। जांच कमेटी ने कई बिंदु तैयार किए। सबसे बड़ा सवाल यह सामने आया है कि हेरिटेज टेबल को बाहर ले जाने की नौबत क्यों आई? दो करोड़ से अधिक की इस टेबल की मरम्मत करानी थी तो यहीं पर वर्कर बुलवाए जाने चाहिए थे। साथ ही टेबल मरम्मत के लिए बाहर जा रही थी तो इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को क्यों नहीं दी गई। टेबल की कीमत काफी थी, ऐसे में टेबल चोरी आदि होती तो सभी को जानकारी होती। तमाम बिंदुओं पर जांच की गई। साथ ही जांच अधिकारी राजेंद्र सिंह कलसी ने टेबल का नमूना लिया है। बताया जाता है कि प्रथम दृष्टया टेबल हेरिटेज है। सूत्रों ने बताया कि वार्डन की जिम्मेदारी बनती थी कि ऐसी महंगी चीज को बाहर नहीं भेजना चाहिए था, लेकिन ऐसा किया गया। ऐसे में वार्डन पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पांच अन्य कर्मचारी भी लपेटे में आ रहे हैं। हालांकि कार्रवाई जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वीसी करेंगे। मालूम हो कि पहली जांच कमेटी ने इस मामले में सभी को क्लीनचिट दे दी थी। महज एक कर्मचारी का स्थानांतरण करके मामला रफा-दफा कर दिया गया, लेकिन वीसी को यकीन नहीं हुआ। उन्होंने जांच को क्रॉस कमेटी बना दी। बताया जाता है कि इस कमेटी ने जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए हैं, जिन पर कार्रवाई होगी।