नोट - इनकी फोटो छायाकार विरेंद्र के पास है
किसी ने आलू की खेती और गायों की देखभाल को बनाया फिटनेस का मंत्र, तो किसी ने घरेलू अनाज के दम पर हासिल की कामयाबी
न जिम, न महंगी डाइट और न ही प्रोफेशनल ट्रेनिंग का सहारा, खेतों में पसीना बहाकर और रोजाना लंबी दौड़ लगाकर केन्या-इथियोपिया के धावकों ने चंडीगढ़ में लहराया परचम
संजीव पंगोत्रा
चंडीगढ़। न कोई प्रोफेशनल ट्रेनर, न आधुनिक जिम और न ही महंगी डाइट। खेतों में पसीना बहाना, रोजाना लंबी दूरी तक दौड़ना और घर में मिलने वाला साधारण भोजन ही इन धावकों की ताकत है। केन्या और इथियोपिया के गांवों से आए इन धावकों ने रविवार को आयोजित चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन में मेहनत और लगन का लोहा मनवाया। किसी ने आलू की खेती और पशुओं की देखभाल को रोज की कसरत बताया तो किसी ने सीमित संसाधनों के बीच दौड़ने के जुनून को सफलता का मंत्र बनाया। इनकी कहानियां बताती हैं कि बड़ी उपलब्धि के लिए महंगे संसाधनों से ज्यादा मजबूत इरादों की जरूरत होती है।
खेतों में आलू उगाते हैं, गायें चराना भी रोज की कसरत
42 किलोमीटर की फुल मैराथन में केन्या के नैरोबी निवासी जॉर्ज ने 2 घंटे 22 मिनट 18 सेकंड में दौड़ पूरी कर पुरुष वर्ग का खिताब जीता। जॉर्ज ने बताया कि वह गांव में आलू के खेतों में काम करते हैं और गायों को चराने की जिम्मेदारी भी निभाते हैं। खेती और पशुओं की देखभाल उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। इसके साथ सुबह-शाम लंबी दूरी तक दौड़ने का अभ्यास करते हैं। यही मेहनत उनकी फिटनेस और तैयारी का आधार है।
दो बच्चों की मां, 44 की उम्र में बनीं मैराथन चैंपियन
महिला फुल मैराथन में केन्या के नैरोबी की 44 वर्षीय जेन ने 2 घंटे 46 मिनट 56 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। दो बच्चों की मां जेन गांव में छोटी स्टेशनरी की दुकान पर काम करती हैं। उन्होंने बताया कि महंगी डाइट और विशेष ट्रेनिंग की सुविधा नहीं है। घर का सामान्य भोजन ही उनकी खुराक है। वह सूजी और बीन्स को भाप में पकाकर खाती हैं और नियमित अभ्यास करती हैं।
जिम के पैसे नहीं, खेतों में मेहनत कर बनाई पहचान
21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में इथियोपिया के देजेन बोन्सा मेल्का ने 1 घंटे 4 मिनट 48 सेकंड का समय लेकर पुरुष वर्ग का खिताब जीता। उन्होंने बताया कि जिम और प्रोफेशनल ट्रेनिंग पर खर्च करने के लिए पैसे नहीं हैं। गांव में खेतों में काम करते हैं। बचपन से दौड़ने का शौक धीरे-धीरे जुनून बन गया। सीमित संसाधनों के बावजूद नियमित अभ्यास जारी रखा और इसी का परिणाम चंडीगढ़ में मिली जीत है।
पति करते हैं दिहाड़ी, घरेलू खुराक से बनीं चैंपियन
महिला हाफ मैराथन में इथियोपिया की त्सेहाय देसालेग्र अंधाना ने 1 घंटे 16 मिनट 12 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि उनके पति राइडर का काम करते हैं और दिहाड़ी कमाते हैं। दौड़ने के शौक ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। महंगी एथलीट डाइट के बजाय वह घर में उपलब्ध जौ और अन्य अनाज के आटे को पानी में घोलकर पीती हैं। साधारण भोजन और नियमित अभ्यास से उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।