गुरु ग्रंथ साहिब के तीन स्वरूप अग्नि भेंट
गांव विधिपुर स्थित श्री गुरु रविदास भवन में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से श्री गुरु ग्रंथ साहिब के तीन स्वरूप अग्नि भेंट हो गए। इसके अलावा चार गुटका साहिब और अन्य धार्मिक किताबें भी जल गईं। इस घटना के बाद आसपास के इलाकों में रोष का माहौल है।
श्री गुरु रविदास भवन के प्रबंधक जोगिंद्र राम और निर्मल दास ने कहा कि रविवार सुबह साढ़े चार बजे जब गुरु महाराज प्रकाश करने पहुंचे तो देखा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब के तीन स्वरूप व चार गुटका साहिब और अन्य धार्मिक किताबें आग की चपेट में आई हुई थी। इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी गई, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक तीनों स्वरूप, गुटका साहिब और धार्मिक किताबें जल चुकी थीं।
माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। इसकी वजह से कमरे में लगी सीसीटीवी कैमरों की तारें तक जल गईं। इसकी जानकारी मिलते ही एसडीएम वरिंद्र पाल और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। अरदास करने के बाद श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अग्नि भेंट स्वरूपों को पुलिस सुरक्षा में गोविंद साहिब लाया गया। इस अप्रिय घटना के संबंध में भवन में पाठ रखा गया, जिसका भोग मंगलवार को डाला जाएगा। इसकी जत्थेदार रणजीत सिंह काहलों, अकाली नेता सेठ सतपाल मल्ल, सेवा सिंह, जगरूप सिंह समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने निंदा की।