फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MSG पर रोक को लेकर राम रहीम पहुंचे हाईकोर्ट

Mon, 19 Jan 2015 02:04 PM IST
टीम डिजीटल/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
सिरसा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने मैंसेजर ऑफ गॉड पर रोक के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका पर कल सुनवाई हो सकती है। बता दें कि गुरमीत राम रहीम की विवादित फिल्म MSG की रिलीज पर पंजाब में बैन लगा दिया था।
विज्ञापन


पंजाब सरकार ने प्रदेश के हालात खराब होने के मद्देनजर फिल्म पर बैन लगाने का फैसला लिया था। पंजाब सरकार ने तर्क दिया था कि फिल्म पंजाब में रिलीज हुई तो यहां के हालात बिगड़ने का डर है। सिख समुदाय के लोग पहले से फिल्म की रिलीज का विरोध कर रहे हैं।

गौरतलब है कि अकाल तख्त ने पंजाब सरकार से फिल्म पर पाबंदी की मांग की थी। अकाल तख्त के प्रमुख गुरबचन सिंह ने कहा था कि डेरा प्रमुख पर हत्या और बलात्कार के आरोप हैं, और उनकी फिल्म से लोग गुमराह हो सकते हैं।
विज्ञापन


ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएसएफ) के प्रमुख करनैल सिंह पीर मोहम्मद ने भी केंद्र और राज्य सरकार से फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की थी।

मूवी बैन कराने में खुफिया रिपोर्टों का हाथ

डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की MSG को पंजाब में बैन करने के पीछे का सच जान चौंक जाएंगे आप। पंजाब में एमएसजी की स्क्रीनिंग पर प्रतिबंध में खुफिया रिपोर्टों का अहम योगदान रहा।

काफी समय से पंजाब पुलिस के खुफिया तंत्र की ड्यूटी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में इस फिल्म को लेकर लोगों की भावनाओं का पता लगाने के लिए लगी हुई थी।

इन रिपोर्टों में यही बात सामने आई कि फिल्म रिलीज होने से प्रदेश के हालात काफी भयानक रूप अख्तियार कर सकते हैं। जहां डेरा सच्चा सौदा विरोधी वर्ग फिल्म के खिलाफ आक्रामक होकर हिंसा में संलिप्त हो सकता है, वहीं इसके समथर्कों की जवाबी कार्रवाई काफी घातक साबित हो सकती है।

रिपोर्ट में पंजाब में हालात बिगड़ने की आशंका

रिपोर्ट में फिल्म के रिलीज होने से प्रदेश के कई हिस्सों में हालात के नाजुक होने की आशंका जाहिर की गई थी। इस कड़ी में वर्ष 2007 के सलाबतपुरा प्रकरण और लुधियाना के शिंगार सिनेमा बम ब्लास्ट को भी जोड़ा गया।

2007 में सलाबतपुरा में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की ओर से जाम-ए-इंसां पिलाए जाने के वक्त पहनी गई पोशाक को लेकर खासा बवाल हुआ था।

आरोप था कि ऐसा करते हुए डेरा प्रमुख ने सिखों के दसवें गुरु गोबिंद सिंह की नकल की। इसके बाद पंजाब कई दिन हिंसा की आग में झुलसता रहा।

हालांकि, बाद में पुलिस पूछताछ के दौरान डेरा प्रमुख ने कहा कि उन्होंने वही पोशाक पहनी जो उनके अनुयायियों ने लाकर दी। ऐसा करते हुए उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह जी की नकल नहीं की। इसके बावजूद अभी तक उस प्रकरण की चिंगारी लगातार सुलग रही है।

शिंगार कांड को झेल चुका हैं पंजाब

गुरमीत राम रहीम के कारण ही अक्तूबर 2007 में लुधियाना के शिंगार सिनेमा में बम ब्लास्ट हुआ, जिसमें छह लोगों की मौत के अलावा कई लोग घायल हो गए थे।

इसके बाद हुए खुलासे में यह बात सामने आई कि धमाके को अंजाम देने वालों के निशाने पर डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम थे। पुलिस का कहना था कि धमाके को अंजाम देने वाले बब्बर खालसा इंटनेशनल से संबद्ध थे और गुरमीत राम रहीम उनकी हिट लिस्ट पर थे।

रिपोर्टों में आशंका व्यक्त की गई कि फिल्म के रिलीज से असामाजिक तत्व भी गलत फायदा उठाकर अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। इन बातों को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने डेरा प्रमुख की इस फिल्म पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।

खुफिया विभाग ने की बैन की सिफारिश

सिरसा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मूवी 'मैसेंजर ऑफ गॉड' हरियाणा में भी बैन हो सकती है। मूवी पर खुफिया विभाग ने हरियाणा में भी बैन लगाने की सिफारिश की है।

ऐसे में पंजाब के बाद हरियाणा में भी इस फिल्म पर बैन लगने की संभावना बढ़ गई है। खुफिया विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म के रिलीज पर विवाद बढ़ सकता है। लिहाजा फिल्म एमएसजी रिलीज नहीं की जाए।

जानकारी के मुताबिक खुफिया विभाग ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि सिरसा डेरा प्रमुख की मैसेंजर ऑफ गॉड (एमएसजी) हरियाणा में रिलीज होने से खास तौर पर हिसार, सिरसा, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, अंबाला और कैथल में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में हरियाणा सरकार के सामने फिल्म के रिलीज को लेकर संकट खड़ा हो गया है।

मूवी की रिलीज का हो गया है संकट

उल्लेखनीय है कि यमुनानगर में कई सिख संगठनों ने पहले ही इस फिल्म को रिलीज करने पर कड़ा ऐतराज जताया था। हालांकि फिल्म पर राजनेता नपे-तुले बयान ही दे रहे हैं।

इनेलो की यूथ इकाई इनसो ने गुड़गांव में ऐलान किया था कि फिल्म का विरोध किया जाएगा। ऐसे में हरियाणा सरकार के सामने फिल्म के रिलीज को लेकर संकट खड़ा हो गया है।

सिरसा लोकसभा क्षेत्र में डेरे का खासा दखल है, लिहाजा उस क्षेत्र के राजनीतिज्ञ भी इस फिल्म को लेकर सधे हुए बयान दे रहे हैं। दूसरी ओर, अभी तक मूवी ने सेंसर बोर्ड के लिए भी दिक्कतें खड़ी कर दी है।

मूवी को सेंसर बोर्ड से अनुमति तो मिल गई है, लेकिन अभी तक सर्टिफिकेट नहीं मिला है। जिसके चलते 18 को भी मूवी रिलीज नहीं हो पाई। अब मूवी के कल रिलीज होने के आसार हैं।
विज्ञापन

अभी तक नहीं मिला सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट

सिरसा डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम की फिल्म 'मैंसेजर ऑफ गॉड' की रिलीज आज फिर टल गई। फिल्म को अभी तक सेंसर बोर्ड का सर्टिफिकेट नहीं मिला।

MSG को सेंसर बोर्ड से जुड़ी ट्रिब्यूनल ने मंजूरी दे दी थी। इस विवाद के चलते सेंसर बोर्ड की अध्यक्ष लीला सैमसन ने पद से इस्तीफा दे दिया। उसके बाद बोर्ड के 8 अन्य सदस्यों ने भी सामूहिक इस्तीफा दे दिया था। इन्हीं कारणों से फिल्म को अभी तक सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट नहीं मिल पाया है।

अब राम रहीम को सोमवार को फिल्म को सर्टिफिकेट मिलने की उम्मीद है। एमएसजी पहले 16 जनवरी को रिलीज होनी थी। विवादों के कारण इसे 18 या 23 को रिलीज करने का सोचा गया, लेकिन 18 को भी यह रिलीज नहीं हो पाई।

अब देखना यह है कि मूवी 23 को रिलीज हो पाती है या नहीं। बता दें‌ कि पंजाब में हालात खराब होने की आशंका से एमएसजी की रिलीज पर बैन लगा दिया गया है। हरियाणा में भी इस पर बैन लगाने की मांग की जा रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें